AGRA : अपने आक्रामक शॉट से गेंद को अक्सर बाउंड्रीलाइन के बाहर भेजने वाले कैप्टन कूल महेन्द्र सिंह धौनी पैराट्रूपर बन गए हैं। धौनी ने शुक्रवार सुबह विमान से चौथी और रात आठ बजे पांचवीं छलांग लगाई। छलांग लगाते ही उन्हें पैराट्रूपर का तमगा मिल गया। इस दौरान मलपुरा स्थित ड्रॉपिंग ग्राउंड में उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी मौजूद थे।

सेफ लैंडिंग देख पास किए ऑर्डर

धौनी को चौथी जंप सामान्य रही। शुक्रवार सुबह हवा की रफ्तार सामान्य थी। उनसे पहले दो बार 14-14 जवानों के ग्रुप ने विमान से छलांग लगाई। अधिकारियों ने जब देखा कि सभी जवानों की सेफ लैंडिंग हो गई है, तभी 1250 फीट की ऊंचाई से धौनी और उनके बैच के कुछ जवानों को विमान से छलांग लगाने का ऑर्डर पास किया गया।

अचानक बना जंप का प्लान

इससे पहले गुरुवार सुबह धौनी ने दूसरी छलांग लगाई थी। इसके बाद तेज हवा की वजह से छलांग लगाने वाले चार जवान घायल हो गए थे। तब धौनी की तीसरी जंप को रोक दिया गया था। शाम करीब छह बजे जब धौनी एयरफोर्स एरिया में बास्केटबॉल खेलने जा रहे थे, तभी अधिकारियों ने उन्हें सूचना दी कि ये वक्त पैराजंपिंग के लिए उपयुक्त है। धौनी ने जंप के लिए हां कर दी। वे तुरंत पैराजंपिंग की ड्रेस पहनकर विमान एएन-32 में चले गए। शाम को धोनी ने तीसरी छलांग लगाई थी।

लैंप की रोशनी में पांचवीं छलांग

इंडियन वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी ने विमान से चार छलांग लगाने के बाद हवा के बहाव का इंतजार किया। सेना के सूत्रों ने बताया कि रात आठ बजे करीब पांचवीं छलांग लगाई। उनके जंप लगाते ही उन्होंने पैराट्रूपर बनने की बाधाओं को पार कर लिया। जंप के दौरान ग्राउंड में लैंप लगाए गए। लैंप की सहायता से ग्राउंड पर 'डी' का आकार बना। इन लैंप के इशारों के बारे में भारतीय कप्तान को पहले ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है। साथ ही रात में विमान से छलांग के दौरान धौनी के पास विशेष तरह की लाइट मौजूद रही। इससे एयरफोर्स अधिकारियों का पता चल सका कि वह कहां उतरे।

नहीं देख सके माही को

इधर, चौथी जंप के बाद जब धौनी सेना की जिप्सी में बैठकर पैरा ड्रॉपिंग ग्राउंड के बाहर निकले तो मुख्य सड़क पर ग्रामीणों ने गाड़ी को घेर लिया। जिप्सी में काला शीशा होने की वजह से प्रशंसक माही का चेहरा नहीं देख सके। धौनी की गाड़ी को घिरा देख मिलिट्री पुलिस के होश उड़ गए। तत्काल फोर्स ने वहां से ग्रामीणों को हटाया।

Posted By: Inextlive