हाल ही में मिली एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय मूल के प्रभावशाली लोगों की संख्‍या अमेरिका में अचानक बढ़ गई है। ये भारतीय मूल के वह लोग हैं जिन्‍होंने अमेरिका में रहकर वहां अपनी काबिलियत का लोहा लोगों को मनवाया है। यही कारण है कि यूएसए की कुल जनसंख्‍या में अब भारतीयों की जनसंख्‍या में इजाफा हो गया है। सन 2000 की अपेक्षा 2010 में यहां भारतीयों की जनसंख्‍या 1.68 मिलियन लोगों से बढ़कर 2.86 मिलियन भारतीय लोगों पर पहुंच गई है। आइए देखें इनमें से कौन से ऐसे भारतीय हैं जिन्‍होंने अपनी प्रतिभा और काबिलियत से यूएसए सरीखे देश में अपनी अहम जगह बनाई है।

नीना देवूलरी
नीना देवूलरी भारतीय मूल की ऐसी पहली महिला बनीं, जिन्होंने मिस अमेरिका का खिताब जीता। 2013 में इन्होंने मिस अमेरिका का ताज पहना। वैसे बता दें कि नीना का जन्म न्यूयॉर्क में हुआ। 15 साल तक इन्होंने भारतीय क्लासिकल डांस की ट्रेनिंग भी ली।

कल्पना चावला
कल्पना एक भारतीय अमेरीकी अंतरिक्ष यात्री और अंतरिक्ष शटल मिशन विशेषज्ञ थीं। इसके साथ ही वह अंतरिक्ष पर जाने वाली पहली भारतीय महिला थीं। भारत की बेटी-कल्पना चावला भारत में हरियाणा के करनाल में एक हिंदू परिवार में जन्मीं। वह अपने परिवार में चार भाई बहनों में सबसे छोटी थीं। 1 फरवरी 2003 में कोलंबिया अंतरिक्ष यान आपदा में मारे गए सात यात्री दल सदस्यों में से वह एक थीं।

विकास खन्ना
विकास न्यूयॉर्क के भारतीय-अमरिकी सेलिब्रिटी शेफ हैं। इन्होंने कई तरह की कुकबुक्स लिखी हैं। इन्होंने मिशेलिन स्टार जीता और यूएसए के सबसे प्रसिद्ध इंडियन कुज़ीन रेस्तरां के रूप में अपना नाम किया। वैसे बता दें कि 43 वर्षीय इस सुपरस्टार शेफ का जन्म भारत के अमृतसर में हुआ। मणीपाल से स्नातक की पढ़ाई खत्म करने के बाद इन्होंने कई हाई प्रोफाइल शेफ के लिए काम किया।

दीपक चोपड़ा
दीपक चोपड़ा का जन्म भारत के नई दिल्ली में हुआ। बता दें कि दीपक एक डॉक्टर और लेखक हैं। उन्होंने आध्यात्म पर कई पुस्तकें लिखी हैं जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया है। दीपक चोपड़ा ने सेंट कोलम्बस स्कूल से बारहवीं और अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद वह 1970 में अपनी पत्नी रीता चोपड़ा के साथ अमेरिका चले गए। वहां उन्होंने न्यू जर्सी हॉस्पीटल में इंटर्नशिप की। उसके बाद और भी कई अस्पतालों उन्होंने प्रशिक्षण लिया। 1973 में उन्हें मेनचेस्टर में मेडिकल प्रशिक्षण को लाइसेंस मिल गया। 2004 में कैलिफोर्निया राज्य में उन्होंने लाइसेंस प्राप्त किया। चोपड़ा टफ्स यूनिवर्सिटी और बोस्टन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में उन्होंने अध्यापन का कार्य किया। उन्होंने निजी क्लिनिक भी स्थापित की।

अजीज़ अंसारी
अजीज़ एक स्टैंड-अप कॉमेडियन और कॉमेडी एक्टर हैं। इनका जन्म साउथ कैरोलिना में कोलंबिया शहर में हुआ। अजीज इस बात का दावा करते हैं कि अपने शहर में रहने वाली इनका इकलौता भारतीय परिवार है। इनकी कॉमेडी में हमेशा इनके पसंदीदा व्यंजनों और जगहों से चुने हुए मसालों का तड़का लगता है, जिसे दुनिया भर में पसंद किया जाता है।

inextlive from Spark-Bites Desk

 

Posted By: Ruchi D Sharma