-दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट अभियान के साथ आगे बढ़े चौक के व्यापारी

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सिटी को स्वच्छ बनाने के लिए शुरू की गई दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट की मुहिम को व्यापारियों का साथ मिला है। नखास कोहना के व्यापारियों ने 'बिन में फेंक' कैंपेन से प्रभावित होकर अपनी दुकानों के सामने खुद डस्टबिन लगाने का डिसीजन लिया है। उनका कहना है कि हम इसके लिए सिस्टम को कोसेंगे नहीं। बल्कि खुद इंतजाम कर दुकानों से निकलने वाला कचरा डस्टबिन में ही फेंकेंगे। साथ ही कस्टमर्स को भी अपने घर का कचरा डस्टबिन में ही फेंकने के लिए अवेयर करेंगे।

दुकान के बाहर रखा डस्टबिन

मंगलवार को दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट रिपोर्टर पुराने शहर के नखास-कोहना इलाके से गुजर रहा था। तभी सड़क किनारे दुकानों के बाहर करीब आधा दर्जन से अधिक डस्टबिन रखे हुए दिखाई दिये। रिपोर्टर ने जब दुकानदारों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि यह शहर और एरिया उनका है। अपने एरिया को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ नगर निगम की नहीं, बल्कि हमारी भी है। हमने अपने दुकानों के बाहर डस्टबिन रख दिया है। खुद भी कचरा डस्टबिन में फेंकते हैं और लोगों से भी कचरा डस्टबिन में ही फेंकने की अपील करते हैं।

डोर टु डोर होगा कूड़ा कलेक्शन

नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन का भी यही प्रयास है कि घरों का कचरा रोड पर न आने पाए और घर-घर से कचरा कलेक्ट हो जाए। हरी-भरी के फेल होने के बाद अब नगर निगम खुद कर्मचारियों को लगाकर डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन कराने की तैयारी में हैं। इसके लिए शहर के करीब एक दर्जन वार्डो में कूड़ा कलेक्शन की शुरुआत कर दी गई है। जल्द ही अन्य वार्डो में भी डीटीडीसी कराया जाएगा।

वर्जन-

जब हमारे प्रधानमंत्री खुद कचरा उठा रहे हैं। लोगों से सफाई की अपील कर रहे हैं तो फिर हम व्यापारियों को भी शर्म छोड़नी चाहिए। सिटी के व्यापारियों से यही अपील है कि वे शहर को स्वच्छ बनाने के लिए आगे आए।

-सतीश केसरवानी

हर कोई बदलाव की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन खुद में कोई बदलाव नहीं करना चाहता है। सफाई के मामले में भी यही स्थिति है। इसलिए हम व्यापारियों ने अपने एरिया में सफाई को बेहतर बनाने की पहल की है।

-बादल

जब हम सुधरेंगे तो जग सुधरेगा। यह वो हकीकत है, जिसे लोगों को स्वीकार करना चाहिए। नगर निगम कर्मचारियों को लोग बहुत कोसते हैं, लेकिन खुद कचरा यहां-वहां फेंक देते हैं। यह आदत ठीक नहीं है।

-विभू

हम व्यापारी हैं। हमें अपने जिम्मेदारी का पूरा एहसास है। अपने एरिया और शहर को स्वच्छ बनाना भी हमारा ही काम है। इसलिए लोगों से यही अपील है कि अपने घर और दुकान का कचरा यहां-वहां न फेंकें।

-आनंद

Posted By: Inextlive