-मोबाइल काल डिटेल पर पुलिस की आस

-लखनऊ ले जाते समय हुई सुनीता की मौत

द्दह्रक्त्रन्य॥क्कक्त्र:

कैंट एरिया के बिलंदपुर में दो युवकों के हमले में घायल सुनीता की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। बारांबकी के पास उसकी जान निकलने पर पुलिस ने डेड बॉडी को जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए सुनीता से बातचीत करने वालों की काल डिटेल पुलिस खंगाल रही है। सुनीता की रूम पार्टनर से पूछताछ में कुछ जानकारी मिली है। लेकिन कोई पुख्ता सबूत पुलिस को नहीं मिल सका है।

पुलिस ने दिनभर खंगाला फुटेज

कुशीनगर, हाटा पगरा के विजय चौहान की बेटी सुनीता शहर के एक अस्पताल में बेबी केयर यूनिट की कर्मचारी थी। बिलंदपुर मोहल्ले में देवी सिंह के मकान में किराएदार सुनीता शुक्रवार की रात साइकिल से कमरे पर लौट रही थी। देवी सिंह के मकान से कुछ दूरी पर बाइक सवार दो युवक पीछे से पहुंचे। साइकिल सवार सुनीता को रोककर उसका गला रेत दिया। कुछ ही पल में दोनों वापस भी हो गए। उधर से गुजरने वाले लोगों के शोर मचाने पर पुलिस को जानकारी हुई। गंभीर हाल सुनीता को मेडिकल कालेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। रात में पुलिस और परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे। बाराबंकी के पास पहुंचते ही उसकी सांसें टूट गई। सुनीता पर हमला करने वालों का सुराग लगाने के लिए दिनभर पुलिस की टीम बिलंदपुर-दाउदपुर मोहल्लों में जमी रही। एक सीसीटीवी के फुटेज में दो युवकों को आते-जाते देखा गया है।

कमरे में ठहरता था रिश्तेदार, रुम पार्टनर से पूछताछ

घटना की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सुनीता का मोबाइल रिकार्ड खंगाला है। कुछ नंबरों पर सुनीता की लगातार बातचीत होती रहती थी। घटना के बाद भी किसी ने उसके मोबाइल पर फोन किया था। इन सभी में एक ऐसा नंबर है जो उसके रिश्तेदार का है। उस नंबर से सुनीता की कई बार बात होती थी। इसलिए पुलिस को रिश्तेदार की गतिविधियों पर शक हुआ है। उधर सुनीता के बारे में अधिक जानकारी के लिए पुलिस ने उसकी रुम पार्टनर रही मंशा को भी बुलवाया था। पूछताछ में सामने आया कि एक रिश्तेदार अक्सर सुनीता के कमरे में रुक जाता था। परेशानी की वजह से उसने सुनीता का कमरा छोड़ दिया था। एक अन्य व्यक्ति के बारे में भी पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके सामने आने पर मामला साफ हो जाएगा। इसके लिए पुलिस की टीम रवाना की गई है।

वर्जन

सुनीता के मोबाइल पर कुछ लोगों से बातचीत होती थी। एक रिश्तेदार सहित अन्य लोगों के भूमिका की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द पुलिस इस मामले का पर्दाफाश कर देगी।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी

Posted By: Inextlive