अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को विविध आयोजन

ALLAHABAD: अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय की महिला सेल के तत्वावधान में विचार संगोष्ठी 'स्त्री चेतना की नई उड़ान' विषय पर आयोजित की गयी। प्राचार्या डॉ। लालिमा सिंह ने कहा कि स्त्री ईश्वर का सुन्दर उपहार है और प्रकाश की स्त्रोत है। इसे नई उड़ान भरने की आवश्यकता है।

महिलाएं खुद की प्रगति में बाधक

पूर्व आयुक्त इलाहाबाद मण्डल बादल चटर्जी ने कहा कि स्त्री महिला उत्थान में सबसे बड़ी अवरोधक है। उन्होंने कहा कि परम्परा और रुढि़यो के नाम पर स्वयं महिलाएं अवरोध उत्पन्न करती हैं। अत: समय के अनुरुप महिलाओं को खुद आत्मनिर्भर बनने के लिए आत्मबल प्राप्त करना होगा। इसमें प्रो। अनीता गोपेश, डॉ। अंजू गुप्ता (बाल चिकित्सक), प्रभात कुमार (थानाध्यक्ष अतरसुइया) आदि ने भी अपनी बात रखी। आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिला जागरूकता कार्यक्रम में मुट्ठीगंज थानाध्यक्ष निशिकान्त राय, संतोष कुमार सिंह एवं कमलेश ने पुलिस विभाग की महिलाओं की सुरक्षा से सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी दी।

आ गए यहां जवां कदम

स्त्री मुक्ति लीग, दिशा छात्र संगठन और नौजवान भारत सभा की ओर से इलाहाबाद विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास परिसर में फिल्म शो और बातचीत का आयोजन किया गया। इस दौरान जब्बार पटेल द्वारा निर्देशित फिल्म सुबह का प्रदर्शन किया गया। इसकी शुरुआत क्रान्तिकारी गीत आ गए यहां जवां कदम से की गयी। नीशू ने बताया कि वर्ष 1857 में 08 मार्च के दिन ही न्यूयार्क में महिला कपड़ा मजदूरों ने बेहतर मजदूरी और कार्य स्थितियों के लिए विशाल प्रदर्शन किया।

वर्ष 1910 में लगी मुहर

उन्होंने बताया कि इस आन्दोलन का सरकार द्वारा दमन किया गया। 02 वर्ष बाद महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए लड़ने की खातिर पहली यूनियन बनायी। इसके ठीक 51 वषरें बाद 08 मार्च के ही दिन न्यूयार्क में 20,000 महिलाओं ने वोट देने के अधिकार, बेहतर कार्य स्थितियों और बेहतर मजदूरी के लिए प्रदर्शन किया। 1910 में कोपेनहेगन में दुनिया भर की मजदूर पार्टियों के अन्तर्राष्ट्रीय मंच की ओर से आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय महिला सम्मलेन में जर्मनी की सामाजिक जनवादी पार्टी की क्रान्तिकारी नेता क्लारा जेटकिन के प्रस्ताव पर 08 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में स्वीकृत किया गया।

एएसपी ने कानून की दी जानकारी

ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में महिलाओं की समस्या एवं उनके समाधान विषय पर परिचर्चा हुयी। एएसपी धवल जायसवाल, कर्नलगंज इंस्पेक्टर अवधेश प्रताप सिंह एवं प्रिंसिपल डॉ। आनंद शंकर सिंह ने अपनी बात रखी। सीएमपी डिग्री कॉलेज में चीफ प्रॉक्टर डॉ। संतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं को महिलाओं से जुड़े कानून एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गयी। महिला अधिकार संगठन की अध्यक्ष मंजू पाठक द्वारा विज्ञान परिषद सभागार में महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

Posted By: Inextlive