रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को सिटी में कई जगह विशेष आयोजन किए गए। किसी ने घर की छत पर योग किया, तो किसी ने ऑनलाइन योग क्लास ज्वाइन कर इस मौके को यादगार बना दिया। लोगों ने तरह-तरह के आसन किए। स्कूलों के द्वारा भी इस मौके पर ऑनलाइन योग क्लासेज का आयोजन किया गया था, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यहां प्रस्तुत है सिटी में योग दिवस की धूम की झलकियां:

गवर्नर ने किया प्रोग्राम का ऑनलाइन उद्घाटन

रांची यूनिवर्सिटी के योग विभाग तथा स्कूल ऑफ एजुकेशन महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (मोतिहारी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का उद्घाटन झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने ऑनलाइन किया। इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रमेश कुमार पांडे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार शर्मा, रांची विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रोफेसर कामनी कुमार, योग विभाग की निदेशक डॉ टूलू सरकार तथा योग विभाग रांची विश्वविद्यालय के कोऑर्डिनेटर डॉ आनंद कुमार ठाकुर उपस्थित थे।

तीन सौ का हुआ चयन

फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में 1700 से ज्यादा प्रतिभागियों ने आवेदन दिया, जिसमें लगभग 300 लोगों का चयन किया गया। गूगल मीट के अलावा रेडियो खांची के यूट्यूब चैनल पर पूरे कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।

प्राणायाम करती हैं राज्यपाल

मौके पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने योग के महत्व को बताया। साथ ही अपने जीवन में योग का क्या स्थान है, उसके बारे में सभी लोगों को रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि योग उनकी जिंदगी का अखंड हिस्सा है और वह ब्रह्म कालीन बेला में ही उठकर अपने आप को योग के लिए तैयार करती हैं। प्राणायाम ध्यान पर उनका विशेष अभ्यास होता है।

देश की समृद्धि का विस्तार

मौके पर रांची यूनिवर्सिटी के वीसी प्रोफेसर रमेश कुमार पांडेय ने कहा की योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान ने भारत की समृद्धि को रेखांकित किया है। परंपराएं जो कहीं छूटती जा रही थीं, एक बार फिर स्टूडेंट्स के बीच इसने अपनी जगह बना ली है।

Posted By: Inextlive