RANCHI: बुधवार की रात एक बड़ी डकैती की प्लान कर रहे इंटर स्टेट गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। इनके पास से तीन पिस्टल समेत कई कारतूस भी जब्त हुए हैं। खलारी डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को यह सफलता मिली है। ये सुनसान सड़कों पर लूटपाट करते हैं। इन्होंने रांची के चान्हो खलारी और विजयवाड़ा के कई घरों में डकैती को अंजाम दिया है। इनकी गिरफ्तारी चान्हो थाना क्षेत्र स्थित बिजुपाड़ा-खलारी रोड से हुई है।

ढाबे में पुलिस ने घेरा

टीम को सूचना मिली थी कि सभी अपराधी बिजुपाड़ा-खलारी रोड स्थित एक ढाबे में खाना खा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाबे को घेर लिया। खलारी डीएसपी ने सभी अपराधियों को आत्मसमर्पण करने को कहा इतने में कुछ अपराधी भागने लगे। लेकिन पुलिस के जवानों ने उन्हें दौड़ा कर पकड़ लिया।

बॉक्स।

चतरा व रामगढ़ में कबूली डकैती

इन अपराधियों ने चतरा और रामगढ़ जिले में पिछले दिनों हुई कई भीषण डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अपराधियों में छोटू लोहरा, मनमोहन लोहरा, सुनील लोहरा और राहुल मल्हार शामिल हैं। इनके पास से लूट के दर्जनों सामान और गहने मिले हैं। इसमें एक स्कूटी, एक दर्जन चांदी के पायल, सोने के गहने भी शामिल हैं।

Posted By: Inextlive