आईपीएल 2019 के क्वाॅलीफाॅयर 2 में दिल्ली को हराने के बाद चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने मैदान में खूब मस्ती की। नन्हीं जीवा ने पापा धोनी को मैदान में खूब चक्कर लगवाया। आइए देखें बाप-बेटी की क्यूट तस्वीरें...


कानपुर। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन का दूसरा क्वाॅलीफाॅयर मैच शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मैच में चेन्नई ने दिल्ली को 6 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम रिकाॅर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची है। इस जीत का श्रेय धोनी ने अपने गेंदबाजों को दिया। मैच खत्म होने के बाद सीएसके के सभी प्लेयर्स ने मैदान में खूब मस्ती की। इस कड़ी में धोनी और जीवा का भी नाम है। बाप-बेटी ने मैदान पर खूब दौड़ लगाई।


कैप्टन कूल कहे जाने वाले धोनी बच्चों के साथ खुद भी बच्चे बन जाते हैं। शुक्रवार को विशाखापत्तनम में डीसी के खिलाफ मैच जीतते ही धोनी का परिवार मैदान में आ गया। पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के ग्राउंड पर आते ही धोनी उनके साथ मस्ती करने लगे। माही आगे-आगे दौड़ रहे थे तो जीवा उनके पीछे भाग रही थी।

जीवा के अलावा सुरेश रैना की बेटी ग्रेसिया भी मैदान पर थी। जीवा और ग्रेसिया दोनों ने मिलकर माही को खूब परेशान किया। मैदान में बच्चों के साथ खेलते हुए धोनी की तस्वीरें सीएसके ने अपने अफिशल टि्वटर अकाउंट पर भी शेयर की हैं।

अब फाइनल में धोनी का सामना रोहित शर्मा से होगा। रोहित की टीम मुंबई इंडियंस पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी थी। मुंबई ने क्वाॅलीफाॅयर 1 में धोनी को करारी शिकस्त दी थी। ऐसे में माही चाहेंगे कि इस बार वह रोहित से बदला ले सकें।IPL 2019 : जानिए कौन सी टीम कितनी बार फाइनल में पहुंचीजानें किस IPL में कौन सी टीमें पहुंची फाइनल मेंआईपीएल में धोनी और रोहित भले एक-दूसरे के सामने होंगे। मगर टूर्नामेंट खत्म होते ही दोनों टीम इंडिया के साथ जुड़ जाएंगे। 30 मई से इंग्लैंड में वर्ल्ड कप शुरु होना है। जिसमें भारत का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से 5 जून को होगा।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari