IPL 2020 DC vs RR Highlights: राजस्थान राॅयल्स को हराकर दिल्ली कैपिटल्स पहुंची टाॅप पर
IPL 2020 में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान राॅयल्स के बीच मैच खेला गया। जिसमें दिल्ली की टीम विजयी रही। इस जीत के साथ Delhi Capitals की टीम अंक तालिका में टाॅप पर पहुंच गई।
कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। IPL 2020 का 30वां मैच Delhi Capitals बनाम Rajasthan Royals के बीच बुधवार को दुबई में खेला गया। ये मुकाबला दिल्ली के नाम रहा। दिल्ली के लड़ाकों ने राजस्थान के राॅयल्स को 13 रन से हराया। इसी के साथ Delhi Capitals की टीम अंक तालिका में टाॅप पर पहुंच गई। दिल्ली की इस जीत में उनके बड़े खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। शिखर धवन से लेकर एनरिच नोर्तजे तक दिल्ली के लिए कई मैच विनर बने।
शिखर धवन
दिल्ली कैपिटल्स की इस जीत में बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन का अहम योगदान रहा। धवन ने ओपनिंग करते हुए ताबड़तोड़ पारी खेली। हालांकि दिल्ली को पहला झटका पृथ्वी शाॅ के रूप में लगा जो पहली ही गेंद पर आउट हो गए। मगर धवन धीमे नहीं पड़े, उन्होंने एक तरफ से रन बनाना जारी रखा। गब्बर ने 33 गेंदों में 57 रन की पारी खेली जिसमें 6 चौके और दो छक्के शामिल है। दिल्ली को ऐसी शुरुआत मिली, जिसके चलते वह सम्मानजनक स्कोर बना सके।
श्रेयस अय्यर
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी मैच में शानदार अर्धशतक लगाया। अय्यर ने 43 गेंदों में 53 रन की पारी खेली, जिसमें दो छक्के और तीन चौके शामिल है। अय्यर का ये अर्धशतक टीम के काम आया। धवन के बाद अय्यर ही थे, जिन्होंने इस मुकाबले में दिल्ली के लिए अर्धशतक लगाया। अय्यर बड़े शाॅट लगाने के चक्कर में आउट हुए मगर टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचा गए थे।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एनरिच नोर्तजे ने इस मुकाबले में अपनी तूफानी गेंदबाजी से लोगों को हिला दिया। नोर्तजे ने जोस बटलर को 22 रन पर बोल्ड किया जिसके बाद RR की टीम उबर नहीं पाई। नोर्तजे ने दूसरा शिकार राॅबिन उथप्पा का किया, जो 32 रन पर खेल रहे थे। अपने 4 ओवर के कोटे में 2 विकेट लेकर 33 रन दिए। इसके अलावा डेब्यूटेंट तुषार देशपांडे ने भी दो विकेट लिए।