IPL 2020 में आज किंग्स इलेवन पंजाब बनाम मुंबई इंडियंस के बीच टूर्नामेंट का 13वां मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा के लिए काफी खास है क्योंकि उनके पास एक बड़ा रिकाॅर्ड बनाने का मौका है। आइए जानें आज के मैच में वो चार बड़े रिकाॅर्ड कौन है जो आज बन सकते हैं।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। आईपीएल के 13वें सीजन का 13वां मुकाबला काफी रोचक होने वाला है। इस मैच में किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। वैसे तो ये टीमें मैदान में जीत के लिए उतरेंगे मगर दोनों टीमों में कुछ खिलाड़ी ऐसे है, जो आज रिकाॅर्ड बनाने के लिए मैदान पर कदम रखेंगे। इनमें सबसे बड़ा नाम MI के कप्तान रोहित शर्मा का है। रोहित आईपीएल में पांच हजारी बनने के बेहद नजदीक है। पंजाब के खिलाफ दो रन बनाते ही हिटमैन के नाम पांच हजार आईपीएल रन हो जाएंगे।

रोहित के पास रिकाॅर्ड बनाने का मौका
दाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला खूब चलता है। इस आईपीएल रोहित ने अपनी फाॅर्म के संकेत भी दे दिए, जब उन्होंने 80 रन की पारी खेली थी। पिछला मुकाबला उनका खास नहीं रहा जब वह आरसीबी के सामने सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन चले गए। मगर आज अबूधाबी में जब वह किंग्स इलेवन पंजाब का सामना करेंगे तो उनकी नजर पांच हजारी बनने पर होगी। रोहित के नाम आईपीएल में अभी 4998 रन दर्ज है। दो रन बनाते ही वह 5 हजार आईपीएल रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले यह कारनामा विराट कोहली और सुरेश रैना ने किया था।

केएल राहुल भी रच सकते हैं इतिहास
सिर्फ मुंबई इंडियंस के कप्तान ही नहीं KXIP स्किपर केएल राहुल भी अपनी टीम के लिए 1500 रन पूरे करने वाले हैं। इस फ्रेंचाइजी के लिए राहुल अब तक 1476 रन बना लिए हैं। मुंबई के खिलाफ मुकाबले में राहुल अगर 26 रन और बना लेते हैं तो वह डेढ़ हजार रन पूरे कर लेंगे। इस आईपीएल सीजन में राहुल का बल्ला जिस तरह से चला है, उसे देखकर लगता है कि वह ये रिकाॅर्ड इस मैच में ही पूरे कर लेंंगे।

मयंक अग्रवाल भी है इस रेस में
किंग्स इलेवन पंजाब के एक और बल्लेबाज मयंक अग्रवाल भी रिकाॅर्ड के नजदीक है। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज जल्द ही आईपीएल में 1500 रन पूरा कर लेगा। मयंक को बस 13 रन की और जरूरत है। इसी के साथ वह यह उपलब्धि भी हासिल कर लेंगे। राहुल के अलावा मयंक ने भी इस आईपीएल में शतक लगाया है।

यादव की नजर छक्कों के अर्धशतक पर
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की नजर छक्कों के अर्धशतक पर है। यादव के नाम आईपीएल में 48 छक्के दर्ज हैं। पंजाब के खिलाफ मुकाबले में यादव दो छक्के और लगा लेते हैं तो वह 50 छक्के पूरे कर लेंगे। वैसे बता दें सूर्यकुमार यादव विस्फोटक पारी के लिए नहीं जाने जाते हैं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari