IPL 2020 का पहला क्वाॅलीफाॅयर मुुकाबला गुरुवार को MI vs DC के बीच खेला गया। ये मैच मुंबई इंडियंस के नाम रहा। MI ने दिल्ली कैपिटल्स को 57 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। इसी के साथ मुंबई इंडियंस फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। IPL के 13वें सीजन का पहला क्वाॅलीफाॅयर मैच गुरुवार को दुबई में मुंबई इंडियंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। ये मैच काफी रोमांचक रहा, हालांकि मुकाबला एकतरफा रहा। मगर मुंबई ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी से ऐसा कहर ढाया कि दिल्ली की टीम वापसी नहीं कर पाई। मुंबई ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 200 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 143 रन ही बना पाई। एक वक्त को दिल्ली का स्कोर 0 रन पर 3 विकेट था। जिसके बाद दिल्ली की टीम उबर नहीं सकी और MI ने 57 रन से मैच जीत लिया।

सूर्य और किशन ने खेली अर्धशतकीय पारी
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टाॅस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। हालांकि उनका यह डिसीजन सही भी साबित हुआ जब हिटमैन रोहित शर्मा अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। रोहित के डक आउट होने के बाद डीसी के गेंदबाजों का जोश हाई हो गया। मगर क्विंटन डी काॅक और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। डी काॅक तो 40 रन बनाकर आउट हो गए। मगर सूर्य क्रीज पर डटे रहे। तीसरे विकेट के सूर्य कुमार और इशान किशन ने लंबी पार्टनरशिप की। यादव ने 38 गेंदों में 51 रन बनाए जबकि किशन ने 30 गेंदों में नाबाद 55 रन की पारी खेली। जिसमें तीन छक्के शामिल है।

पांड्या ने जड़े पांच छक्के
एक वक्त लग रहा था कि मुंबई की टीम 150 तक सीमित रह जाएगी। मगर डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हार्दिक पांड्या जब क्रीज पर आए तो उन्होंने छक्कों की बारिश कर दी। पांड्या ने 14 गेंदों में 37 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से पांच छक्के निकले। पांड्या की इस विस्फोटक पारी के चलते मुंबई ने 200 का आंकड़ा छुआ और फिर डीसी को करारी शिकस्त दी।

फाइनल में पहुंची मुंबई इंडियंस
आईपीएल 2020 की पहली फाइनलिस्ट टीम मुंबई इंडियंस बन गई है। मुंबई ने लीग मैचों में भी सबसे पहले प्लेऑफ के लिए क्वाॅलीफाई किया था। इस बार भी MI खिताबी मुकाबला जीत जाती है तो उनका यह पांचवां आईपीएल खिताब होगा। हालांकि ये मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाएगा और दूसरी फाइनलिस्ट टीम कौन होगी, इसका इंतजार बाकी है।

हारने के बाद भी दिल्ली के पास मौका
मुंबई इंडियंस के हाथों करारी शिकस्त के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के पास फाइनल में पहुंचने का मौका है। शुक्रवार को आरसीबी और एसआरएच के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा, जो टीम इसमें जीतेगी वह क्वाॅलीफाॅयर 2 में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। ये मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाएगा।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari