समस्या

सिंचाई विभाग ने शासन को भेजा प्रपोजल

20 दिनों तक नहीं मिलेगा गंगाजल

-10 से 30 अक्टूबर तक बंद रहेगी सप्लाई

- शहर में रहेगी 50 एमएलडी पानी की किल्लत

Meerut। शहरवासियों को दस अक्टूबर से तीस अक्टूबर तक गंगाजल नहीं मिलेगा। क्योंकि इन बीस दिनों तक गंगा की सफाई की जाएगी। सफाई के चलते गंगाजल की आपूर्ति को रोक दिया जाएगा। सिंचाई विभाग ने शासन को इसका प्रपोजल बनाकर भेज दिया है। नगर निगम की सप्लाई के भरोसे ही लोगों को रहना होगा।

300 की जरूरत 250 एमएलडी सप्लाई

नगर निगम शहर में प्रत्येक दिन शहरवासियों को 250 एमएलडी की सप्लाई करता है। जबकि शहर में नगर निगम के अनुसार 300 एमएलडी पानी की आवश्यकता है। यानि 50 एमएलडी पानी की आवश्यकता और है। जिसके कारण लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।

हर साल गंगा की सफाई

सिंचाई विभाग हर साल दीवाली से पहले गंगा की सफाई करता है। जिसमें करीब बीस दिन का समय लगता है। इन बीस दिनों में गंगाजल की सप्लाई रोक दी जाती है।

नगर निगम की तैयारी पूरी

नगर निगम की माने तो यदि गंगाजल की सप्लाई दस अक्टूबर से बंद होती है तो नगर निगम के पास शहर के लोगों को पानी की सप्लाई के पर्याप्त संसाधन हैं। दिन में प्रतिदिन आठ घंटे की सप्लाई होती है। जिसमें सुबह चार घंटे और शाम को चार घंटे की सप्लाई नगर निगम द्वारा की जाती है।

यह नगर निगम के पास संसाधन

नलकूप- 156

भूमिगत जलाशय- 5

पानी की टंकी- 54

हैंडपंप- 8850

पानी के टैंकर- 11

हर साल गंगा की सफाई की जाती है। इस दौरान गंगाजल की सप्लाई बंद रहती है। निगम के पास पानी की सप्लाई करने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं।

संजीव रामचंद्र जीएम जलकल विभाग नगर निगम

Posted By: Inextlive