JAMSHEDPUR: आयकर के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है, जिसका फायदा विभाग को मिल रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में कोल्हान के 2.34 लाख लोगों ने आयकर रिटर्न दाखिल किया।

ये बातें प्रधान आयकर आयुक्त अविनाश किशोर सहाय ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहीं। आयुक्त ने बताया कि

2018-19 में 39,489 नए करदाता बने, जबकि 2017-18 में 36,972 करदाता नए थे। इन दोनों को मिलाकर दो वर्ष में करीब 77 हजार नए करदाता बने हैं। इसका परिणाम राजस्व संग्रह में भी दिख रहा है। पिछले दो वित्तीय वर्ष में आयकर के राजस्व में लगभग 50 फीसद की वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2016-17 में जमशेदपुर का राजस्व संग्रह 268 करोड़ रुपये था, जो 2017-18 में 350 करोड़ और 2018-19 में 421 करोड़ रुपये हो गया। हम समस्याओं के निवारण की दिशा में भी तेजी से काम कर रहे हैं। ई-निवारण पोर्टल के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2017-18 में 715 और 2018-19 में 674 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं सीपी ग्राम पोर्टल से निष्पादन का आंकड़ा 25 व 29 रहा। ई-निवारण में सात दिन के अंदर मामलों का निष्पादन करना होता है, जबकि सीपी ग्राम में 30 दिन की अवधि निर्धारित होती है। अपील के मामलों में भी त्वरित गति से काम हुआ है, जिससे 2017-18 में 154 और 2018-19 में 99 मामले निपटाए गए।

जमीन कारोबार के 51 मामले

आयकर विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष में सर्वे व जांच करके जमीन कारोबार के मामले पकड़े थे। इसमें ज्वाइंट डेवलमेंट एग्रीमेंट (जेडीए) के 51 मामलों की जांच चल रही है, जिसमें करवंचना की गई है। आयुक्त ने बताया कि जांच के बाद बिल्डर और जमीन मालिक दोनों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

'वॉक फॉर टैक्स' कल

आयकर दिवस के मौके पर 24 जुलाई को कई कार्यक्रम होंगे। इसकी शुरुआत सुबह 5.45 बजे 'वॉक फॉर टैक्स' होगी। इसमें आयकर अधिकारी व कर्मचारी सीएच एरिया स्थित आयकर कार्यालय से निकलकर जुबिली पार्क, राजेंद्र विद्यालय, स्ट्रेटमाइल रोड होते हुए लौटेगी। वॉक में चार्टर्ड एकाउंटेंट व सिंहभूम चैंबर के सदस्य भी शामिल होंगे। दोपहर 3.30 बजे राजेंद्र विद्यालय में आयकर पर निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी, जिसमें 15 स्कूलों के छात्र भाग लेंगे। शाम छह बजे से राजेंद्र विद्यालय में मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रमुख आयकरदाता व समाजसेवी सम्मानित किए जाएंगे।

Posted By: Inextlive