-कृष्ण मृगों के लिए बने हुए हैं खतरा

आगरा: अकबर के मकबरे सिकंदरा में कृष्ण मृगों के लिए खतरा बन रहे सियारों के फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। वन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) की उद्यान शाखा द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से कृष्ण मृगों पर निरंतर खतरा मंडरा रहा है।

सिकंदरा में ब्रिटिश काल में कृष्ण मृगों का एक जोड़ा लाया गया था। धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ती चली गई। स्मारक में कृष्ण मृगों के लिए खतरा बनते सियारों को पकड़ने का काम वाइल्ड लाइफ एसओएस को दिया गया था, मगर सभी सियार नहीं पकड़े जा सके। इधर स्मारक में कृष्ण मृगों की संख्या घट रही है। शनिवार को सोशल मीडिया में वायरल हुए फोटो ने सिकंदरा में सियारों की मौजूदगी पर मुहर लगा दी। उद्यान सहायक प्रशांत ने बताया कि पूर्व में सभी सियारों को पकड़ा नहीं जा सका था। मादा सियार एक बार में तीन से चार बच्चों को जन्म देती है। इससे स्मारक में उनकी संख्या बढ़ गई है। करीब एक दर्जन सियार स्मारक में हैं।

Posted By: Inextlive