-सीएम ने दिखाई हरी झंडी, लघु जल संसाधन विभाग ने तैयार कराया है प्रचार वाहन

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान को ले नौ प्रचार वाहनों को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के मुख्यद्वार से रवाना किया। आडियो- वीडियो से युक्त इन वाहनों को लघु जल संसाधन विभाग ने तैयार कराया है। इनके माध्यम से लोगों को जल संचयन व जल संरक्षण के बारे में बताया जाएगा। रथ की रवानगी के मौके पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त सुभाष शर्मा और लघु जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव के के पाठक भी मौजूद थे।

एक माह तक करेंगे जागरूक

विकास आयुक्त ने बताया कि ये प्रचार रथ अगले एक महीने तक सूबे के विभिन्न हिस्सों में जाएंगे। लोगों को जल-जीवन-हरियाली अभियान के विभिन्न अवयवों से अवगत कराया जाएगा। औसतन सूबे के प्रत्येक प्रखंड के कम से कम तीन गांवों में यह प्रचार रथ जाएगा। इन प्रचार वाहनों में एलईडी स्क्रीन लगे हैं । इस स्क्रीन के माध्यम से लोगों को अभियान पर केंद्रित दस मिनट की डाक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। रेडियो जिंगल व बैनर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किए जाने का कार्यक्रम चलेगा।

बताएंगे ये बातें

इस अभियान के तहत बिहार भूजल विकास मिशन व लघु जल संसाधन विभाग द्वारा वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण प्रणाली, सोख्ता निर्माण आदि के बारे में जागरूक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री अरुण जेटली का हाल लिया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का हाल लिया। उनके बारे में चिकित्सकों से बात की।

Posted By: Inextlive