पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस दाैरान भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की है।


श्रीनगर (पीटीआई / आईएएनएस)। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। रक्षा सूत्रों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस दाैरान भारी गोलाबारी और गोलीबारी की है। सूत्रों ने कहा पाकिस्तान सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाने के लिए छोटे हथियारों और मोर्टारों का इस्तेमाल किया। इस दाैरान भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू और कश्मीर के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार के गोले दागकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। नौगाम सेक्टर में संघर्ष विराम उल्लंघन


16 जून 2020 को भी देर शाम पाकिस्तान ने नौगाम सेक्टर में संघर्ष विराम उल्लंघन किया था। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने संघर्ष विराम उल्लंघन का करारा जवाब दिया। पाकिस्तान ने मंगलवार को इससे पहले इसी जिले के तंगधार सेक्टर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। तंगधार और नौगाम सेक्टरों में दोनों पक्षों के बीच कई घंटों तक भारी गोलीबारी जारी रही। अब तक भारतीय लोगों के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। तीन आतंकवादियों को मार गिराया

वहीं जम्मू-कश्मीर में मंगलवार भारतीय सेना ने शोपियां के तुर्कवांगम क्षेत्र में एक मुठभेड़ में तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। मारे गए आतंकवादियों में एक हिजबुल मुजाहिदीन का शीर्ष कमांडर बताया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय पुलिस को इस क्षेत्र में आतंकियों के छुपे होने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर पुलिस ने भारतीय सेना और विशेष बल इकाइयों के साथ सुबह के समय एक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

Posted By: Shweta Mishra