JAMSHEDPUR: नरेंद्र प्रताप व केएम रीनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टाटा स्टील के तत्वावधान में रविवार को जेआरडी टाटा स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स में संपन्न हुए जमशेदपुर रन-ए-थॉन के दस किमी। वर्ग में क्रमश: पुरुष व महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। गत वर्ष के चैंपियन उत्तर प्रदेश के अजय कुमार बिंड को चौथे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। पुरुष वर्ग में पिंटू कुमार यादव को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं महिला वर्ग में दूसरे स्थान पर शमसाद आरा बेगम रही। गत वर्ष बंगाल की शमसाद आरा बेगम ने चैंपियन का सेहरा अपने सिर बांधा था।

पांच किमी पुरुष वर्ग में गोपाल राम पहले तथा कालीदास मुर्मू दूसरे, महिला वर्ग में इतिश्री महांता पहले, लक्ष्मी मांझी दूसरे स्थान पर रही। सात किमी के पुरुष वर्ग में आरिफ अली पहले, राजकुमार राजभर दूसरे, महिला वर्ग में बिमला पटेल पहले, शिल्पी यादव दूसरे स्थान पर रही। रन-ए-थॉन की शुरुआत सुबह छह बजे जेआरडी के तीरंदाजी ग्राउंड से प्रारंभ हुई। दस किमी तक दौड़ लगाई गई। उसी प्रकार सात किलोमीटर दौड़ 7.05 में तथा पांच किमी दौड़ को 7.05 बजे प्रारंभ हुई। इसमें 4200 एथलीटों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 14 राज्यों के एथलीटों ने हिस्सा लिया।

दिखा गजब का उत्साह

रविवार की सुबह पांच से ही जेआरडी में गजब का उत्साह देखा जा रहा था। आठ साल के नन्हे बच्चे से लेकर 80 साल बुजुर्ग सभी यही कह रहे थे-फिटनेस इज फन, जस्ट रन। कदमा के रहने वाले रामजनम सिंह मूंछ पर ताव देते हुए कहते हैं, बाबू, शरीर ठीक रहेगा तो सब पूछेगा। जहां गिरे तो घर में भी कोई पूछने वाला नहीं है। इसीलिए दौड़ना जरूरी है। आजकल के बच्चे तो जंक फूड से जकड़ चुके हैं। देखिए उ लइकवा को, कैसे लिकलिक पहलवान लग रहा है। सोनारी की 45 वर्षीय रश्मि गुडि़या भी अपने दो बच्चों के साथ जमशेदपुर रन ए थॉन में भाग लेने पहुंची है। वह बच्चे को पकड़ी हुई है, ताकि भीड़ में खो ना जाए। लेकिन बच्चे तो बच्चे ठहरे। हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मां का प्यार उन्हें भागने नहीं दे रहा है। रश्मि कहती है, कल रात से ही बच्चों में जमशेदपुर रन ए थॉन को लेकर उत्साह था। देखिए, कैसे भाग रहा है।

नरेंद्रन दौड़े 10 किलोमीटर

टाटा स्टील के ग्लोबन सीईओ टीवी नरेंद्रन हर बार की तरह इस बार भी दस किलोमीटर की रेस पूरी की। रेस पूरी करने के बावजूद उनके चेहरे पर थोड़ी सी भी शिकन नजर नहीं आ रही थी। जैसे ही नरेंद्रन रेस पूरी कर जेआरडी के तीरंदाजी ग्राउंड में पहुंचे, लोगों ने तालियां बजाकर उनका इस्तकबाल किया। उनकी पत्नी रुचि नरेंद्रन ने गले लगा अभिवादन किया।

नरेंद्रन व चाणक्य चौधरी ने किया रवाना

जमशेदपुर रन-ए-थॉन को टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ टीवी नरेंद्रन, उनकी पत्नी रुचि नरेंद्रन, उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील) चाणक्य चौधरी व टाटा स्टील खेल विभाग के हेड आशीष कुमार ने झंडी दिखाकर रवाना किया। विजेता धावकों को नरेंद्रन ने पुरस्कृत किया।

Posted By: Inextlive