आरोहण होते ही ध्वजदंड टूटा, 8 घायल

- दून के ऐतिहासिक झंडा मेले के दौरान हादसा

- ध्वजदंड टूटा, 8 लोग आए चपेट में

- घायल इंदिरेश हॉस्पिटल में भर्ती, 2 गंभीर

- दो घंटे बाद दोबारा किया गया झंडारोहण

कब क्या हुआ

2.40 झंडे जी का आरोहण शुरू

4.40 झंडे जी टूटकर गिरे

6.40 दोबारा आरोहण

एक नजर

105 फीट के झंडे जी

12 फीट ऊंचाई से टूटा

93 फीट बची ऊंचाई

देहरादून।

दून के ऐतिहासिक झंडा मेले के शुरुआती दिन बड़ा हादसा हो गया। श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में झंडे जी के आरोहण के दौरान 105 फीट का भारी-भरकम ध्वजदंड टूटकर अचानक गिर गया। दरबार साहिब में मौजूद करीब 8 लोग ध्वजदंड की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के कारण मौके पर अफरा तफरी मच गई, दरबार प्रबंधन और पुलिस ने तत्काल मौके पर एंबुलेंस बुलाकर घायलों को महंत इंदिरेश हॉस्पिटल पहुंचाया। करीब दो घंटे बाद दोबारा झंडे जी का आरोहण किया गया।

अचानक गिरा ध्वजदंड, 8 घायल

शुक्रवार को ऐतिहासिक झंडा मेले का आगाज हुआ। विशेष अनुष्ठान के बाद दोपहर दो बजकर 40 मिनट पर झंडे जी का आरोहण शुरू किया गया। हजारों लोगों की मौजूदगी में सैकड़ों लोगों ने बल्लियों के सहारे झंडे जी को उठाना शुरू किया। करीब 2 घंटे की मशक्कत कर झंडे जी को खड़ा किया गया, इसी बीच झंडा जमीन से करीब 12 फीट की ऊंचाई से अचानक टूट गया और झंडे जी नीचे खड़ी संगत के ऊपर गिर गए। करीब 8 लोग झंडे की चपेट में आकर घायल हो गए।

रेस्क्यू के लिए कड़ी मशक्कत

हादसे के बाद मौके पर एंबुलेंस को पहुंचाने में पुलिस व दरबार प्रबंधन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लाखों लोगों की भीड़ को मैनेज कर आधा दर्जन एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को एक-एक कर महंत इंदिरेश हॉस्पिटल पहुंचाया गया। 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

2 घंटे बाद दोबारा आरोहण

हादसे के दो घंटे बाद दरबार साहिब की ओर से झंडे जी का आरोहण कर दिया गया। शाम 6 बजकर 40 मिनट पर झंडे जी का फिर से आरोहण किया गया। टूटे हुए हिस्से को अलग कर झंडे जी को स्थापित किया गया। 105 फीट ऊंचे झंडे जी की लंबाई अब 93 फीट रह गई है।

Posted By: Inextlive