RANCHI : हरियाणा के सूरजकुंड में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेले के लिए झारखंड को थीम स्टेट चुना गया है। इसके साथ ही इस मेले में थीम कंट्री इजिप्ट (मिस्त्र) होगा। पूरा मेला परिसर झारखंड की कला-संस्कृति के रंग से सराबोर होगा। मेले का आयोजन 1 से 15 फरवरी तक होगा। झारखंड की ओर से इस मेले के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है।

लजीज पकवान का भी लुत्फ उठाएंगे लोग

शनिवार को राज्य के कला-संस्कृति मंत्री अमर कुमार बाउरी और विभाग के सचिव राहुल शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि इस मेले में शामिल होनेवाले लोगों को झारखंड की पूरी संस्कृति के दर्शन होंगे। यहां की कला और संस्कृति से संबंधित कई तरह के स्टॉल लगाए जाएंगे। कोहवर, पयतकर, गंजू, तुरी, कुरमी, बिरहोर, सोहराय, जादुपटिया आदि कला से लोगों को रू-ब-रू कराया जाएगा। मेले में झारखंडी कुजीन भी शामिल की जाएगी। लोग यहां के लजीज पकवान का पूरा लुत्फ उठा सकेंगे। मेले के आयोजन की पूरी जिम्मेवारी पीएचडी चैंबर को सौंपी गई है।

श्री बाउरी ने बताया कि झारखंड से इस मेले में भाग लेने के लिए 400 आर्टिस्ट जा रहे हैं। इस मेले में झारखंड को विशेष स्थान मिलने से ग्लोबल इंवेस्टर समिट को भी बल मिलेगा।

30 साल से लग रहा है मेला

सूरजकुंड मेला एक सरकारी आयोजन है, जिसे पिछले तीस वर्षो से आयोजित किया जा रहा है। करीब 30 एकड़ परिसर में इस मेले का आयोजन होता है, जिसमें 1 लाख लोग आते हैं। इसमें 20 देश भी पार्टिसिपेट करते हैं। 2013 में इस मेले को इंटरनेशनल स्टेटस मिला। पिछले साथ थीम स्टेट तेलंगना था। मेले में विदेश से भी हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं।

2.5 करोड़ खर्च कर रहा है झारखंड

मेले के आयोजन में झारखंड की ओर से 2.5 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। मेले में कई गेट लगेंगे, जिसका प्रारूप पीएचडी चैंबर ने तैयार किया है। भगवान बिरसा मुंडा की एक विशाल प्रतिमा भी मेला परिसर में लगाई जा चुकी है। इसके अलावा रहन-सहन दर्शाते पैविलियन भी बनाए गए हैं। मेले में इनफॉरमेशन सेंटर से लेकर स्टेज तक की सजावट झारखंड की थीम पर ही होगी। यहां रांची के आड्रे हाउस का प्रारूप भी नजर आएगा।

Posted By: Inextlive