RANCHI: झारखंड विकास मोर्चा(झाविमो) के महासचिव बंधु तिर्की ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। यहां उनका मुकाबला भाजपा के देवकुमार धान से होगा। यूपीए ने अब तक मांडर से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा की गंगोत्री कुजूर ने झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री को पराजित कर दिया था।

एसीबी ने किया था अरेस्ट

झाविमो के इस बड़े नेता को इसी साल सितंबर में एंटी करप्शन ब्यूरो ने राष्ट्रीय खेल घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें रांची के सिविल कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया गया था। बंधु तिर्की इस मामले में अप्राथमिक अभियुक्त हैं। उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाइकोर्ट की शरण ली थी, लेकिन उच्च न्यायालय ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद एसीबी ने उन्हें कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट से नामांकन की अनुमति

बंधु तिर्की लगातार जेल से बाहर आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोर्ट से उन्हें अब तक किसी प्रकार की राहत नहीं मिली है। राजा पीटर और कुंदन पाहन को रांची स्थित एनआइए की विशेष अदालत ने जेल से चुनाव लड़ने की अनुमति दी तो बंधु तिर्की ने भी एसीबी की अदालत में इसकी अर्जी लगा दी। कोर्ट ने बंधु को नामांकन दाखिल करने की अनुमति दे दी। कोर्ट के आदेश पर उन्हें नामांकन दाखिल करने के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति दी गयी थी।

Posted By: Inextlive