RANCHI: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को पश्चिम सिंहभूम में भारतीय जनता पार्टी के दो उम्मीदवारों के नामांकन में शामिल हुए। चक्रधरपुर सुरक्षित सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया तो मनोहरपुर से गुरुचरण नायक ने। मुख्यमंत्री रघुवर दास दोनों के नामांकन में शामिल हुए। उन्होंने चक्रधरपुर में एक जनसभा को भी संबोधित किया।

भाजपा ने लगाया जोर

चक्रधरपुर और मनोहरपुर सीट पर इस वक्त झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का कब्जा है। वर्ष 2014 के चुनाव में झामुमो के शशिभूषण समद चुनाव जीते थे जबकि मनोहरपुर से जोबा मांझी ने जीत दर्ज की थी। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार 65 पार का नारा दिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने बूते राज्य में सरकार बनाने के लिए जी-जान से जुटे हैं।

19 को नामांकन पत्र की जांच

चक्रधरपुर और मनोहरपुर समेत झारखंड के सात जिलों की 20 विधानसभा सीटों पर 7 दिसंबर को मतदान होगा। इसके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 18 नवंबर है। 19 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी 21 नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। उसी दिन उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी होगी और उन्हें चुनाव चिन्ह का आवंटन भी किया जाएगा।

सेकेंड फेज की सीटें

उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण में पूर्वी सिंहभूम की 6 सीटों (बहरागोड़ा, घाटशिला(एसटी, पोटका(एसटी), जुगसलाई(एससी), जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमम) सरायकेला-खरसावां की दो सीटों खरसावां (एसटी) और सरायकेला(एसटी) के अलावा पश्चिम सिंहभूम की 5 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर और चक्रधरपुर सीटों पर मतदान होगा।

चार जिलों की 20 सीटें

इसी चरण में रांची जिले की दो तमाड़ और मांडर, खूंटी की दो तोरपा और खूंटी, गुमला जिले की सिसई और सिमडेगा जिले की सिमडेगा एवं कोलेबीरा विधानसभा सीटों पर मतदान कराए जाएंगे। इन चार जिलों की सभी 7 सीटें अनुसूचित जनजाति लिए आरक्षित हैं। कुल 20 में से 7 सीटों पर इस वक्त झामुमो का कब्जा है, जबकि 8 पर भाजपा, दो पर आजसू और दो सीटों पर कांग्रेस काबिज है।

Posted By: Inextlive