RANCHI :झारखंड विधानसभा चुनाव के बीच बिहार के दो दिग्गज नेताओं की मुलाकात से राज्य की राजनीति गरमा गई है। रांची के रिम्स में राज्यसभा सांसद रहे शरद यादव ने लालू प्रसाद से मुलाकात की और झारखंड की राजनीति को लेकर काफी देर तक चर्चा की।

22-23 को प्रचार करेंगे शरद

झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव 22-23 नवंबर को चुनाव प्रचार करेंगे। शनिवार को रिम्स में भर्ती लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए शरद ने कहा कि लालूजी से झारखंड की राजनीति को लेकर चर्चा हुई है। झारखंड में किन मुद्दों को लेकर चुनाव में जाएंगे। इस सवाल पर शरद यादव ने कहा कि यहां की सरकार के कारण बड़े पैमाने पर खनिजों की लूट हो रही है। यहां किसान के हालात ठीक नहीं हैं। यहां हर तरह धंधा चौपट है।

एनडीए पर साधा निशाना

खान-खनिज से भरा झारखंड आज काफी बदहाल है। 70 वषरें में वर्तमान स्थिति काफी भयावह है। संविधान को दायरे में लाना विपक्ष का काम है। झारखंड में एनडीए के बिखरते कुनबे पर कहा कि एनडीए के लोग अफवाह फैलाने में माहिर हैं। झारखंड की जनता अलग राज्य की लड़ाई लड़ी लेकिन इस राज्य को एक बाहरी मुख्यमंत्री मिला। जीतन राम मांझी के सवाल पर कहा कि वे ठीक हो जाएंगे। पिछले एक महीने से लालू के स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टरों द्वारा कोई जानकारी नहीं देने पर शरद यादव ने कहा कि इसलिए हम यहां उनसे मुलाकात के लिए आते हैं।

राजद के स्टार प्रचारकों में है शरद

इससे पहले शरद यादव के साथ वरिष्ठ आरजेडी नेता रामबाबू यादव और बिस्कोमान के चेयरमैन सुनील सिंह लालू प्रसाद से मिले। बता दें कि शरद यादव को झारखंड में चुनाव प्रचार के लिए राजद ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह दी है। चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव रिम्स के पेईंग वार्ड में भर्ती हैं।

दुमका कोषागार मामले में 22 को सुनवाई

उनसे बिरसा मुंडा जेल प्रशासन की अनुमति से शनिवार को अधिकतम तीन मुलाकाती भेंट कर सकते हैं। इधर चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने झारखंड हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। इस पर 22 नवंबर को सुनवाई होगी। इससे पहले देवघर कोषागार मामले में लालू को हाइकोर्ट ने जमानत दे दी है।

Posted By: Inextlive