झारखंड के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। बता दें कि उन्होंने अगस्त में ही कुछ कारणों से कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।


नई दिल्ली (आईएएनएस)। झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार गुरुवार को नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। उन्होंने अगस्त में ही अपनी पार्टी के सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी झारखंड के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कुमार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकती है। दरअसल, इस तरह के कदम से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली यह पार्टी देश में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने की योजना बना रही है। इस साल के अंत में होंगे चुनाव
झारखंड में इस साल के अंत में चुनाव होंगे क्योंकि रघुबर दास सरकार का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो जाएगा। आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अन्य नेताओं की उपस्थिति में कुमार का पार्टी में स्वागत किया है। सिसोदिया ने कहा, 'मैं अपने दोस्त अजय कुमार को आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए बधाई देता हूं। हमें भारत की राजनीति को बदलने के लिए अजय जैसे लोगों की आवश्यकता है। मैं आरटीआई आंदोलन और अन्ना आंदोलन के समय से ही उन्हें जानता हूं। हम अच्छे दोस्त हैं। अब वह आज से आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं तो हम पार्टी में एक परिवार की तरह मिलकर काम करेंगे।' बता दें कि कुमार के पास एमबीबीएस की डिग्री है। इसके अलावा वह पूर्व आईपीएस अधिकारी और लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। 1994-1996 तक कुमार जमशेदपुर के एसपी रहे, इसके बाद उन्होंने पुलिस की नौकरी छोड़ दी। 2014 में, वह कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्हें 2017 में झारखंड में कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

Posted By: Mukul Kumar