-एएस कॉलेज देवघर के एनएसएस के टीम लीडर हैं राजेंद्र कुमार साव

-राजेंद्र निर्वाचन आयोग के ब्रांड अंबेसडर भी रहे हैं

देवघर : सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के एएस कॉलेज देवघर के राष्ट्रीय सेवा योजना के टीम लीडर राजेंद्र कुमार साव को केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना के सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार वर्ष 2017-18 से देवघर के राजेंद्र कुमार साव को राष्ट्रपति रामनाथ को¨वद ने मंगलवार को नई दिल्ली में सम्मानित किया। राजेंद्र देशभर के 30 स्वयंसेवकों में 14 वें पायदान पर हैं।

राष्ट्रीय सेवा योजना का सर्वोच्च सम्मान

राष्ट्रीय सेवा योजना के सर्वोच्च सम्मान राजेंद्र कुमार साव को दिए जाने से पूरे झारखंड के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल है। बता दें कि राजेन्द्र कुमार ने देवघर में विभिन्न क्षेत्रों में फैली सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरुकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया है। इसके अलावा रक्तदान, पौधारोपण के क्षेत्र में भी इन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया है।

135 बच्चों को शिक्षित किया

गरीब और असहाय बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा दान करने में भी राजेंद्र ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने अब तक 135 बच्चों को शिक्षा दान किया है। इसके अलावा करीब 1000 लोगों को प्रेरित कर रक्तदान कराया है। जल संरक्षण पर काम करना , जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करना , खेलकूद के गतिविधियों को बढ़ावा देना , सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना , रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना ,कौशल शिक्षा को बढ़ावा देना राजेंद्र की उपलब्धियों में शामिल है। राजेंद्र निर्वाचन आयोग के ब्रांड अंबेसडर भी रहे हैं। राजेंद्र तीन बार विश्वविद्यालय स्तरीय सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार, द अचीवर्स अवार्ड, अटल रत्न अवार्ड , विवेकानंद आइकन अवार्ड, यंग इंडिया चेंज मेकर अवार्ड ,इंडिया स्टार आइकन अवार्ड, नेशनल लीडरिशप अवार्ड, प्राइड ऑफ इंडिया अवॉर्ड से नवाजे गए हैं। इधर राष्ट्रपति के हाथों पुत्र के सम्मानित होने पर राजेंद्र की मां सुमन देवी और पिता त्रिवेणी साव के अलावा भाई राजेश कुमार साव एव संतु कुमार साव, बहन रुपा कुमारी खुश हैं।

Posted By: Inextlive