JAMSHEDPUR: आर्यमान सेन की शतकीय पारी व वी विशाल के शानदार पचासा की बदौलत झारखंड ने कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे सीके नायडू ट्रॉफी (अंडर-23 क्रिकेट) के पहले दिन उत्तराखंड के खिलाफ 10 विकेट पर 307 रन का स्कोर खड़ा कर लिया। उत्तराखंड ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। झारखंड के सलामी बल्लेबाज वी विशाल व आर्यमान सेन ने पारी की अच्छी शुरुआत की। दोनों ने मिलकर पहले विकेट की साझेदारी में 106 रन जोड़े। आर्यमान ने 190 गेंद पर 15 चौके की मदद से अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 233 गेंद का सामना करते हुए कुल 141 रन बनाए। इस दौरान 19 चौके भी जड़े। वी विवशाल ने 75 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके की मदद से 55 रन बनाए। यह जोड़ी टूटते ही झारखंड की पारी लड़खड़ा गई। आदित्य सिंह खाता भी नहीं खोल पाए और अग्रिम तिवारी की गेंद पर विकेटकीपर अजीत सिंह रावत के हाथों लपके गए। राहिल रेयाज खान नौ रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। उसके बाद विलफ्रेड बैंग व पंकज कुमार ने मिलकर पारी को संवारा। विलफ्रेड बैंग ने 119 गेंद पर पांच चौके की मदद से 48 रन बनाए। पंकज कुमार ने 33 गेंद पर दो छक्के व चार चौके की मदद से 34 रन बनाए। कप्तान बालकृष्ण 11 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। उत्तराखंड की ओर से गेंदबाजी करते हुए हरमन ने चार विकेट लिए। पुंडिर ने हरमन का अच्छा साथ दिया। उन्होंने तीन विकेट अपनी झोली में डाले। अग्रिम तिवारी ने दो विकेट चटकाए।

Posted By: Inextlive