JAMSHEDPUR: बुधवार को रांची से जमशेदपुर कोरोना वैक्सीन की पहली खेप पहुंची। दोपहर 2.49 बजे रांची से राष्ट्रीय टीका वाहन शहर पहुंचा। इस दौरान वाहन को एस्कॉर्ट करने के लिए पीसीआर वैन व बज्र वाहन मौजूद था। वाहन से तीन बक्से उतारे गए जिसमें पुणे सीरम इंस्टीट्यूट की आठ हजार 70 कोविशील्ड वैक्सीन का डोज था। वहीं, 807 वायल। एक वायल से दस लोगों को टीका दिया जा सकता है। सभी वैक्सीन को साकची स्थित जिला शित श्रृखंला भंडार में रखा गया है। यहां पर पहले से आइस लाइन रेफ्रीजरेटर रखा हुआ था, जिसमें तापमान दो से आठ डिग्री मेनटेंन किया जा रहा था। उसी तापमान में कोरोना वैक्सीन रखा गया है।

12 बजे निकले थे रांची से

राष्ट्रीय टीका वाहन को रांची से चालक किस्मत अंसारी चलाकर लाए। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे रांची से जमशेदपुर के लिए रवाना हुए। उनके साथ पुलिस की एक टीम थी। वहीं, सोनारी दोमुहानी पुल के पास पीसीआर और सोनारी पुलिस की टीम ने वैन को एस्कॉर्ट किया। इस दौरान विनय कुमार, कार्तिक कुमार महतो व कुंदन कुमार मौजूद थे।

इनकी रही मौजूदगी

वहीं, वैक्सीन पहुंचने के पूर्व जिला शित श्रृखंला भंडार में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ। साहिर पाल, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ। बीएन उषा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व सचिव डॉ। जीसी माझी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

पहरा के लिए तीन मजिस्ट्रेट

वैक्सीन को 24 घंटे निगरानी में रखा गया है। वैक्सीन पहुंचते ही पुलिस फोर्स पहुंच गई। वहीं, एसडीओ नीतीश कुमार की ओर से तीनों पाली के लिए अलग-अलग मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्ति किया गया है। सुबह छह से दोपहर दो बजे तक भवन प्रमंडल के कनीय अभियंता रंगलाल राम, दोपहर दो से रात्रि 10 बजे तक जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समीति के कनीय अभियंता मानष सतपथी व जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समीति के कनीय अभियंता अभय कुमार हिमांशु को तैनात होंगे। इस दौरान साकची पुलिस की टीम भी मौजूद रहेगी। जिला शित श्रृखंला भंडार में दो सीसीटीवी कैमरे भी लगाया गया है।

Posted By: Inextlive