जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम के सोनुवा इलाके के पनसुआं डैम में नए गेट की जगह पुराना गेट लगा कर घोटाला करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मनोज सिंह की गिरफ्तारी उलीडीह के शिवमंदिर लाइन से रविवार की दोपहर को हुई है। पुलिस ने उसे तब गिरफ्तार किया जब वो अपने घर में था। गिरफ्तार कर पुलिस उसे सोनुवा लेकर चली गई है।

6 के खिलाफ एफआईआर

उलीडीह के शिवमंदिर लाइन का रहने वाला मनोज सिंह ठेकेदारी का काम करता है। तीन साल पहले पश्चिम सिंहभूम के सोनुवा इलाके में स्थित पनसुआं डैम में काम होना था। इसमें डैम में गेट लगाने का टेंडर हुआ था। लेकिन, डैम में नए गेट की जगह पुराना गेट लगा दिया गया। इसकी शिकायत होने पर डैम प्रबंधन ने मामले की जांच कराई तो घोटाला उजागर हुआ। अधिकारियों ने सोनुवा थाने में मनोज सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मनोज के घर की हुई थी कुर्की

सोनुवा पुलिस ने बताया कि इस मामले के कुछ आरोपित गिरफ्तार किए गए थे। कुछ आरोपितों ने अदालत में हाजिर होकर जमानत करा ली थी। लेकिन, मनोज सिंह फरार चल रहा था। उसके घर की कुर्की भी की जा चुकी थी। उसके गिरफ्तारी का वारंट था।

कई बार छापेमारी हुई

पुलिस ने इस मामले में कई बार मनोज सिंह के घर पर छापामारी की थी। लेकिन, मनोज सिंह अपने घर पर नहीं मिला था। उलीडीह पुलिस ने मनोज सिंह की गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों को लगा दिया था। रविवार को पुलिस को पता चला कि मनोज सिंह घर पर है। इस पर पुलिस ने छापा मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

नया टेंडर करा लगाए गए थे गेट

जांच में डैम में पुराने गेट लगे पाए जाने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। पुराने गेट पानी का दबाव बनने पर टूट सकते थे। बाद में नया टेंडर कर डैम में नए गेट लगाए गए थे।

Posted By: Inextlive