जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र डिकोस्टा रोड में शहर की प्रतिष्ठित गणगौर स्वीट्स की गोदाम सह फैक्टरी में शुक्रवार तड़के आग लग गई जिससे फैक्टरी को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा। लाखों की क्षति हुई। घटना में कामगार बाल-बाल बच गए। आग पर झारखंड अग्निशमन विभाग और टाटा स्टील की दमकल समेत पांच दमकलों ने तीन घंटे की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम के आस-पास पूरा आवासीय क्षेत्र है जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मची रही।

क्या कहते हैं लोग

लोगों की मानें तो संयोग की बात रही कि जिस समय आग लगी। अहले सुबह थी जिसके कारण दमकल को पहुंचने में अधिक परेशानी नहीं हुई, लेकिन जहां आग लगी थी। वहां तक पहुंचने को संकरी सड़क है। अगर दिनचर्या शुरू होती दमकल का पहुंचाना मुश्किल होता। गौरतलब है कि जुगसलाई जैसे इलाके में चार पहिया और बाइक लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चारों ओर जाम ही जाम लगा रहता है।

तीन मंजिला भवन के दूसरे तले पर लगी आग

फैक्टरी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अग्निशमन विभाग अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहा है जिस समय आग लगी उस समय सुबह के साढ़े तीन बज रहे थे। भवन तीन मंजिला है। दूसरे मंजील पर आग लगी। देखते ही देखते आग की लपटे चारों और फैल गई। सुबह का समय होने के कारण वहां सो रहे कामगार जाग गए और सुरक्षित निकल गए। शोर मचाने पर आस-पास के लोग एकत्र हुए।

मॉर्निग वॉकर्स ने सबसे पहले देखा

मॉर्निग वॉक पर निकले लोगों ने घटना को देखा। इसकी सूचना जुगसलाई थाना को दी। पुलिस ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया। आग बुझाने की कवायद शुरू हुई। आग पर काबू पाया गया। फैक्टरी में मिठाई बनाए जाते है यहीं से सप्लाई गणगौर स्वीट्स के स्टॉलों में भेजे जाते है। आर्डर लिए जाते है। आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है। राहत की बात रही। वहां रहने वाले कामगार बच गए।

Posted By: Inextlive