-सिदगोड़ा थाना में नौ अक्टूबर 2011 को अखिलेश सिंह उसके गुर्गो के खिलाफ दर्ज मामले में हुई गवाही

-मामले के सात आरोपित अब तक फरार

जमशेदपुर : अपर जिला व सत्र न्यायाधीश प्रभाकर सिंह की अदालत में गैंगस्टर अखिलेश सिंह के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में दर्ज आ‌र्म्स एक्ट और हत्या की साजिश रचने के एक मामले में पुलिसकर्मी अफताब आलम और सुरेश कुमार की गवाही हुई। दोनों ने अखिलेश सिंह को पहचानने से इंकार कर दिया और वही एक अन्य आरोपित जसवीर सिंह का नाम सतवीर सिंह बता दिया। गवाही में अखिलेश सिंह और जसवीर सिंह की पेशी अदालत में वीडियो कॉन्फ्रें¨सग से हुई। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता विद्या सिंह ने पक्ष रखा। सिदगोड़ा थाना में 19 अक्टूबर 2011 को सिदगोड़ा के एक क्वार्टर से पिस्तौल-कारतूस के साथ अखिलेश सिंह के गुर्गे अमरजीत, धमेंद्र प्रधान, असीम अंसारी, जसवीर सिंह, संतोष पांडेय समेत अन्य को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अखिलेश सिंह और उसके गुर्गे के खिलाफ सिदगोड़ा थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी विनोद कुमार की शिकायत पर आ‌र्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश रचने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में शनिवार को दो पुलिसकर्मियों की गवाही हुई। अखिलेश सिंह और जसवीर को छोड़ बाकी सभी आरोपित अमरजीत, धमेंद्र प्रधान, असीम अंसारी, संतोष पांडेय, शिवचरण फरार है। सभी के खिलाफ कुर्की जब्ती का वारंट जारी है।

Posted By: Inextlive