JAMSHEDPUR: झारखंड एसेंबली इलेक्शन के सेकेंड फेज की वोटिंग शनिवार को होगी। कोल्हान की 13 सहित कुल 20 सीटों पर 260 कैंडीडेट्स चुनाव मैदान में हैं। इनमें 29 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। कुल 48,25,038 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे और शनिवार की शाम पांच बजे सभी का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में लॉक हो जाएगा। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 24,31,511 पुरुष मतदाता हैं। 23,93,437 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 90 है। 18-19 वर्ष के नए मतदाता 1,10,070 हैं। इनमें 18-19 वर्ष के पुरुष मतदाता 58,204 हैं और 18-19 वर्ष की महिला मतदाताओं की संख्या 51,857 है। 18-19 वर्ष के थर्ड जेंडर के मतदाता नौ हैं।

झारखंड की नजर है

इन सभी सीटों में से जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, चक्रधरपुर, बहरागोड़ा, घाटशिला, खरसावां, चाईबासा, जुगसलाई और सरायकेला सीट पर पूरे झारखंड की नजर है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव लड़ रहे हैं और उनको चुनौती देने के लिए उनकी ही कैबिनेट के कद्दावर मंत्री रहे सरयू राय ताल ठोक रहे हैं। जमशेदपुर पश्चिमी सीट पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री और भाजपा के देवेंद्रनाथ सिंह आमने-सामने हैं। चक्रधरपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा मैदान में है। इनको झामुमो के सुखराम उरांव और झाविमो के शशि भूषण सामड से टक्कर मिल रही है। चाईबासा सीट से राज्य सरकार के पूर्व गृह सचिव जेबी तुबिद मैदान में और इनके सामने झामुमो के विधायक दीपक बिरुवा खम ठोक रहे हैं। घाटशिला विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अब आजसू के प्रत्याशी डॉ। प्रदीप कुमार बलमुचू मैदान में ताल ठोंक रहे हैं तो इनको भाजपा के प्रत्याशी लखन मार्डी से कड़ी चुनौती मिल रही है। सरायकेला सीट पर झामुमो के पूर्व मंत्री चंपाई सोरेन की प्रतिष्ठा दांव पर है तो खरसावां विधानसभा क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री और अब केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का क्षेत्र है। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र पर मंत्री रामचंद्र सहिस की प्रतिष्ठा दांव पर है।

Posted By: Inextlive