मुख्यमंत्री व जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास ने सुबह-सुबह बागुनहातु बागुननगर और बारीडीह बस्ती में लोगों से घर-घर जाकर संपर्क किया.

जमशेदपुर: मुख्यमंत्री व जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास ने पूरे झारखंड में पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार से कुछ समय निकाल कर अपने विधानसभा क्षेत्र में भी जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सुबह-सुबह बागुनहातु, बागुननगर और बारीडीह बस्ती में लोगों से घर-घर जाकर संपर्क किया। मुख्यमंत्री ने कहीं-कहीं बैठ कर भी लोगों और बस्ती के विकास कार्यो का हाल लिया।

गर्मजोशी से स्वागत

भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मुख्यमंत्री शनिवार की सुबह सबसे पहले बागुनहातु पहुंचे। यहां बस्तीवासियों ने पूरी गर्मजोशी के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री हर दरवाजे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जहां बुजुर्गो का आशीर्वाद लिया तो युवाओं से हाथ मिला कर समर्थन मांगा। इसके बाद उनका कारवां बागुननगर पहुंचा।

कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते दिखे मुख्यमंत्री
दूसरी ओर शाम को मुख्यमंत्री की पदयात्रा गोलमुरी चौक से प्रारंभ हुई। पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री आगे-आगे हाथों में पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते दिखे। मुख्यमंत्री ने संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका हाल पूछा व चाय-पानी भी पिया। विभिन्न जगहों पर सामाजिक संगठनों व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने गोलमुरी चौक, गोलमुरी बाजार, गोलमुरी मुस्लिम बस्ती, टुइलाडुंगरी, गाढ़ाबासा, केबुल बस्ती, ओल्ड डीएस फ्लैट आदि इलाकों में पदयात्रा की। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर शामिल रहे।

भाजपा कार्यालय का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क के क्रम में टुइलाडुंगरी क्षेत्र में भाजपा के कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यालय में बब्बन, मो। वाहिद, मो। फैयाज व मो। इकबाल के नेतृत्व में गोलमुरी के सैकड़ों अल्पसंख्यक युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Posted By: Inextlive