-बोड़ाम के दलमा पहाड़ी से 14 लैंडमाइंस बरामद, नक्सलियों ने 6 माह पहले से बिछा रखी थी लैंडमाइंस

-रांची से आई बम निरोधक दस्ता ने किया डिफ्यूज

-इनामी नक्सली असीम उर्फ आकाश मंडल और सचिन के दस्ते केइलाके में सक्रिय होने की सूचना

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र दलमा पहाड़ी के पोड़ाखूटा से कोंकादोसा गांव की ओर जाने वाले रास्ते में जमशेदपुर पुलिस ने 14 लैंडमाइंस बरामद किया है। इनमें प्रत्येक का वजन पांच किलोग्राम है। पुलिस को उड़ाने के लिए नक्सलियों ने लैंडमाइंस बिछा रखी थी जिसे पुलिस ने सर्च अभियान में बरामद किया। रांची से आई बम निरोधक दस्ता की टीम ने इसे तीन घंटे की मशक्कत के बाद निष्क्रिय किया। एसएसपी डॉ एम तमिल वानन ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस की ओर से नक्सल अभियान चलाया जा रहा था.च्कच्चे रास्ते में तार बिछा हुआ देखकर गहनता से जांच की गई तो इलाके में बिछाए गए बम बरामद हुए, जिसे रांची से आई बम निरोधक दस्ता की टीम ने निष्क्रिय किया। लैंडमाइंस बरामदगी के बाद पुलिस का सर्च अभियान इलाके में जारी है। ग्रामीणों से जानकारी ली जा रही है। एसएसपी ने बताया कि लैंडमाइंस और सड़क पर बिछाए गए तार को देख लग रहा है कि पांच माह पहले इसे बिछाया गया था। पुलिस की कार्रवाई जारी है।

नक्सली दस्ता की सूचना पर सर्च अभियान

जानकारी के अनुसार, पटमदा और बोड़ाम का इलाका दलमा पहाड़ी इलाके से सटता है। पूरा पहाड़ी इलाका बंगाल की सीमा क्षेत्र से सटता है। इस इलाके में वांटेड नक्सली रामदास मार्डी उर्फ सचिन और असीम मंडल उर्फ आकाश का दस्ता सक्रिय है। दोनों की संलिप्तता जमशेदपुर के झामुमो सांसद सुनिल महतो की हत्या मामले में सीबीआइ को रही है। रामदास मार्डी पटमदा के झुझका का रहने वाला है। उसे अब तक पुलिस और सीबीआइ पकड़ नहीं पाई है। उसके स्वजनों पर उसका आत्मसमर्पण कराने का दबाव बनाया जाता रहा है, लेकिन सचिन ने आत्मसमर्पण नहीं किया। दलमा पहाड़ी इलाके में सचिन के साथ मदन महतो, सागर, श्याम समेत अन्य है। विगत एक माह से 25 की संख्या में नक्सली दस्ता को भ्रमण करते देखा गया था जिसकी सूचना के बाद पुलिस ने सर्च अभियान इलाके में चलाया।

Posted By: Inextlive