JAMSHEDPUR: जमशेदपुर शहर में 48 घंटे के अंदर कोरोना से एक मरीज की मौत हुई। घोड़ाबांधा निवासी (57) महिला को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती किया गया था। वह कोरोना के साथ-साथ किडनी व मधुमेह से ग्रस्त थी। जिले में कोरोना से अबतक 369 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 48 घंटे के अंदर कुल चार हजार 145 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 53 पॉजिटिव मिले। संक्रमित मरीजों में डुमरिया, घाटशिला, मानगो, साकची, बारीडीह, टेल्को, सोनारी सहित अन्य क्षेत्रों के मरीज शामिल हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 16559 हो गई है।

2835 संदिग्धों का लिया सैंपल

बीते 48 घंटे में 2835 संदिग्ध मरीजों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 357994 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 329585 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।

ईस्ट सिंहभूम में बचे 285 एक्टिव केस

दिल्ली, गुजरात, मध्यप्रदेश सहित देश के कई राज्यों में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है तो वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए राहत भरी खबर है। यहां अब सिर्फ 285 संक्रमित मरीज ही बच गए हैं। बाकी 15 हजार 878 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। हालांकि, छठ पर्व के बाद स्थिति क्या होगी, यह ¨चता का विषय बना हुआ है। कारण कि भीड़-भाड़ में यह संक्रमण तेजी से फैलता है। इसलिए बार-बार शारीरिक दूरी, मास्क का उपयोग व सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी यही संदेश है कि जबतक दवाई नहीं तबतक ढि़लाई नहीं लेकिन, अभी जिस तरह से बाजारों में भीड़ उमड़ रही है उसे देखकर लगता कि मानो कोरोना का डर खत्म हो गया है। लोगों को समझना चाहिए कि यह लापरवाही खतरनाक साबित हो सकता है।

Posted By: Inextlive