जमशेदपुर : शहर में ड्रग्स की बिक्री के खिलाफ कोल्हान डीआइजी राजीव रंजन सिंह के आदेश के बाद जमशेदपुर पुलिस रेस हो गई। ड्रग्स बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने भुइंयाडीह कानू भठ्ठा इलाके में छापेमारी कर सात पुडि़या ब्राउन शुगर के साथ विजय थापा को गिरफ्तार किया है जबकि उसका साथी राकेश बहादुर भागने में सफल रहा। सिदगोड़ा थाना में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मिली थी सूचना

सिदगोड़ा थाना प्रभारी संदीप रंजन ने बताया पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी। विजय थापा ब्राउन शुगर की बिक्री करता है। इसी आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। आरोपित आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती से ब्राउन शुगर लाकर बेचता था। इससे पहले आजादनगर थाना प्रभारी एनके सिन्हा ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 11 के वेस्ट काजी स्टोर के सामने छापेमारी कर स्कूटी सवार आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी मो। फिरोज उर्फ हंगरू को गुरुवार सुबह 49 पुडि़या ब्राउन शुगर के साथ 24 जून को गिरफ्तार किया था। बुधवार को डीआइजी ने जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय में अधीनस्थों के साथ बैठक कर ड्रग्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। शहर में मानगो, आजादननगर, सीतारामडेरा, सिदगोड़ा, बर्मामाइंस, परसुडीह, जुगसलाई, मानगो और उलीडीह में ब्राउन शुगर की बिक्री संगठित रूप से की जा रही है।

सोनारी में गांजा के साथ एक गिरफ्तार

सोनारी थाना की पुलिस ने दोमुहानी तिलका मांझी बस्ती में छापेमारी कर 400 ग्राम गांजा और 460 रुपये के साथ श्रीराम विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। सोनारी थाना की पुलिस के अनुसार आरोपित को गांजा बेचते रंगेहाथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी में मुख्यालय दो के डीएसपी कमल किशोर, सोनारी थाना प्रभारी रेणु कुमारी समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।

आदित्यपुर में गांजा के साथ महिला अरेस्ट

कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह के आदेश का असर दिखने लगा है। शनिवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र अतंगर्त मुस्लिम बस्ती निवासी हसीना खातून को पुलिस 79 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। परिक्ष्यमान पुलिस पदाधिकारी चितरंजन कुमार ने नेतृत्व में पुलिस टीम अलकतरा ड्राम बस्ती के समीप गश्ती कर रही थी। इस दौरान पुलिस को देखकर एक महिला भागने लगी। पुलिस टीम ने उसको खदेड़कर एक घर से पकड़ा। उसकी तलाशी लेने के बाद सफेद रंग के प्लास्टिक में 442 ग्राम गांजा एवं 11 पुडि़या 16 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस छापामारी अभियान में थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो, चिरंजन महतो, सागरलाल माहथा,बरखा कुमारी आदि शामिल थे।

Posted By: Inextlive