वर्कर्स कॉलेज : कोल्हान विश्वविद्यालय जारी की अधिसूचना, ग्रामीण क्षेत्रों के कॉलेजों में हुआ पदस्थापन

जमशेदपुर : मानगो स्थित वर्कर्स कॉलेज के नव नियुक्त प्रधान लिपिक मनोज किशोर का विरोध करने वाले व कॉलेज का माहौल बिगाड़ने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। कोल्हान विश्वविद्यालय ने सोमवार को अधिसूचना निकालकर विरोध-प्रदर्शन में शामिल कॉलेज के चार कर्मचारियों का स्थानांतरण करते हुए इन्हें ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों में पदस्थापित कर दिया गया है। इन कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जांच टीम बनी है। यह वहीं जांच टीम है जो एबीएम कॉलेज गोलमुरी के कर्मचारियों की जांच के लिए गठित की गई है। इस टीम का नेतृत्व डीएसडब्ल्यू डॉ। टीसीके रमण कर रहे हैं। जांच टीम स्थायी कर्मचारियों के अलावा संविदा कर्मचारियों की संलिप्तता के मामले की भी जांच करेगी। उसके बाद संविदा कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

किसे कहां भेजा गया

वर्कर्स कॉलेज के पूर्व प्रधान लिपिक दीपक कुमार दास महापात्र को बहरागोड़ा कॉलेज, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी गुरुचरण भट्टाचार्य डिग्री कॉलेज मनोहरपुर, रामजतन भट्टाचार्य जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज व अमर प्रसाद मॉडल महिला कॉलेज खरसावां में स्थानांतरित किया गया है।

आश्वासन के बाद कर्मचारियों का धरना स्थगित

कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ। शुक्ला माहांती के आश्वासन के बाद वर्कर्स कॉलेज में धरना दे रहे कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार को स्थगित हो गया। कर्मचारियों के अनुसार उन्हें कुलपति ने आश्वस्त किया है कि उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होगी। प्रधान लिपिक के पद पर मनोज किशोर की नियुक्ति की जांच होगी। इस कारण यह धरना स्थगित किया जा रहा है। लेकिन सोमवार को विश्वविद्यालय ने चारों स्थायी कर्मचारियों का स्थानांतरण कर विश्वविद्यालय ने अपने इरादे को साफ कर दिया है।

Posted By: Inextlive