जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने शहर के चर्चित रामशकल यादव की हत्या मामले के नामजद आरोपित कृष्णा कुमार तपाडि़या उर्फ मुन्ना तपाडि़या को एमजीएम अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। पीठ में दर्द की शिकायत पर वह अस्पताल में गुरुवार से दाखिल था। सूचना मिलने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने बताया वह मामले में नहीं था। उसे कैंसर है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज जारी है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत ने कहा पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। छह जुलाई को पुलिस ने आरोपित के बिष्टुपुर जयंती अपार्टमेंट आवास पर फरारी का इश्तेहार चस्पा किया था। हत्या की घटना के बाद से आरोपित फरार है। छह साल बाद आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा है।

जुगसलाई में है पुश्तैनी घर

मुन्ना तपाडि़या जुगसलाई तपाडि़या कॉम्पलेक्स में पुश्तैनी घर है। बिष्टुपुर में किराए के फ्लैट में रहता है। उसके घर पर किए गए फरारी के इश्तेहार में 20 अगस्त तक अदालत में हाजिर होने का आदेश था। एक अन्य आरोपित बजरंगी सिंह जो बिहार के रोहतास जिला के सासाराम निवासी है। उसके घर पर फरारी इश्तेहार का तामिला किया जा चुका है। अब पुलिस उसके आवास की कुर्की-जब्ती करेगी।

जुबिली पार्क में हुआ था मर्डर

बागबेड़ा कॉलोनी निवासी बिल्डर रामशकल यादव की हत्या जुबिली पार्क परिसर में उस समय कर दी गई थी जब मार्निंग वाक कर रहे थे। हत्या की प्राथमिकी रामशकल यादव की पत्नी रंजू देवी की शिकायत पर दर्ज की गई थी और तपाडि़या कंस्ट्रक्शन के विक्की तपाडि़या, संदीप तपाडि़या और मुन्ना तपाडि़या समेत अज्ञात को आरोपित किया गया था। पुलिस ने मुन्ना तपाडि़या को छोड़ बाकी सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले में विक्की तपाडि़या और संदीप तपाडि़या जमानत पर है जबकि हत्याकांड के मुख्य आरोपित उपेंद्र सिंह की हत्या 30 नवंबर 2016 को अदालत परिसर के बार भवन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप अखिलेश सिंह और उसके गिरोह पर है। आरोप था रामशकल यादव की हत्या जुगसलाई के तपाडि़या बंधुओं ने सुपारी देकर कराई। पुलिस ने उपेंद्र सिंह समेत कई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हत्या में उपेंद्र सिंह को जमानत मिल गई थी।

हत्या में थे शामिल

उपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया था कि हत्या में पटना के नौबतपुर के शंभूपुरा निवासी बबुआ उर्फ माणिक, पटना बिहटा के रोहित कुमार, बिहार के गया जिले के रविशेखर, भोजपुर जिला के उदवंतनगर के रंजीत चौधरी उर्फ विमलेश, पटना रानिया तालाब इकबालगंज के अभिषेक, मनोज सिंह समेत अन्य थे। हत्या के बाद शूटरों को भगाने में नितेश कुमार तिवारी, मुनमुन सिंह समेत अन्य थे। तपाडि़या कंस्ट्रक्शन के विक्की तपाडि़या, उपेंद्र सिंह समेत हत्या में शामिल सभी शूटरों और हत्यारों को लाने और भगाने में शामिल सभी आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

Posted By: Inextlive