JAMSHEDPUR: सोमवार को मानगो नगर निगम के सिटी मैनेजर, आकाउंटेंट समेत छह कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही हड़कंप मच गया। मानगो नगर निगम कार्यालय को अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी र¨वद्र गागराई ने बताया कि ऐसा समय आ गया है कि घर में रहा नहीं जा सकता। जनता के हित में काम करना है, यही कारण है वह खुद दिन-रात काम कर अन्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने का काम कर रहे हैं। मानगो नगर निगम के सभी कोरोना पॉजिटिव कर्मचारियों को पारडीह के कौशल विकास केंद्र में बने क्वारंटीन सेंटर में अगले 14 दिनों के लिए भेज दिया गया है। अब तक तीनों नगर निकायों में दो दर्जन से अधिक कर्मचारी व मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे जनता के लिए काम करने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल हो गया है। एक कर्मचारी ने बताया कि मेरे घर में दो बच्चे हैं रोज डर लगा रहता है।

18 घंटे कर रहे काम

कोरोना संक्रमण को रोकने में लगे नगर निकाय के कर्मचारी 8 घंटे के स्थान पर 16-18 घंटे तक काम कर रहे हैं। जुगसलाई के सिटी मैनेजर संतोष कुमार सिन्हा ने बताया कि कोरोनावायरस को मात देने के लिए सफाईकर्मियों के साथ-साथ वे भी जनता की सेवा कर रहे हैं। एक तरह से सीधी जंग लड़ रहे हैं। सुबह-शाम सड़क, नाली और कूड़ेदान साफ करने वाले इन सफाई कर्मियों का जज्बा है कि इतने खतरनाक समय होने के बावजूद अपने काम में जुटे हुए हैं। हालांकि सफाईकर्मियों में इतना अधिक भय है जहां 50 मजदूर आते थे अब 25-30 रह गए हैं। शहर में सफाई अभियान और सेनेटाइजर के छिड़काव में लगे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए खुद जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) के स्पेशल ऑफिसर कृष्ण कुमार, सिटी मैनेजर रवि भारती, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव, संतोष सिन्हा के अलावा मानगो नगर निगम के कार्यपाकल पदाधिकारी रवींद्र गागराई, निशांत कुमार आदि दिन-रात अपनी ड्यूटी में लगे हैं।

चांडिल थाना के 32 पुलिसकर्मी संक्रमित

चांडिल थाना कोरोना पॉजिटिव पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। सभी पुलिस जवानों को चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज कोविड- अस्पताल में और महिला पुलिस को सरायकेला में भर्ती कराया गया है। चांडिल थाना को पूर्ण रूप से सेनेटाइज करने के बाद सील कर दिया गया है तथा बाहर आवेदन पेटी लगा दी गई है। थाना प्रभारी का नंबर अंकित किया गया है जिससे लोगों की शिकायत दर्ज हो सके।

Posted By: Inextlive