जमशेदपुर के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कुलडीहा गांव में एक दहला देने वाले हादसे में रविवार देर रात नशे में धुत एक बेटे ने अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

JAMSHEDPUR: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कुलडीहा गांव में रविवार देर रात नशे में धुत आरोपित बिट्टू सिंह मां सुशीला सिंह को डंडे से तब तक पीटता रहा जबतक मौत नहीं हो गई। हत्या करने के बाद हत्यारोपित बिट्टू ने पिता जग्गू सिंह से जाकर कहा कि मां मर गई है। बता दें कि पिता मां-बेटे के साथ नहीं रहते हैं। इधर रात होने के कारण जग्गू सिंह डर से घटनास्थल नहीं गया। सोमवार की सुबह जग्गू घटनास्थल पहुंचा। इसके बाद सूचना पुलिस को दी।

चला गया मौसी के घर

घटना को अंजाम देने के बाद बिट्टू सिंह जादूगोड़ा तिरिलघुटु स्थित अपनी मौसी के घर चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि नशे में उसने अपनी मां की जान ले ली है। मां हमेशा दारू के नशे में रहती थी। काम से लौटकर आने पर खाना नहीं देती थी। हमेशा लड़ती रहती थी। इसलिए गुस्से में आकर नशे में ऐसा कदम उठाया। आरोपित ने कहा है कि मां की हत्या के बाद अब वह भी जिंदा नहीं रहेगा।

पुलिस ने ली जानकारी

उधर, मुसाबनी डीएसपी पीताम्बर सिंह खैरवार भी जादूगोड़ा पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पिता जग्गू सिंह ने कहा कि पुत्र हमेशा घर में शराब पीकर झगड़ा करता रहता था। माता-पिता से मारपीट करता था। इस वजह से उसने खुद घर छोड़ दिया था। उधर, ग्राम प्रधान संजय लाहा ने कहा कि बिट्टू शराब के नशे में घर आता था। सबके साथ मारपीट भी करता। यही नहीं गांववालों को भी धमकता था।

खाना खाने को लेकर मां व बेटे के बीच कुछ विवाद हुआ। इसके बाद बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर मां की हत्या कर दी। आरोपित बिट्टू सिंह पुलिस की गिरफ्त में है। उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।

-पीताम्बर सिंह खैरवार, डीएसपी, मुसाबनी

Posted By: Inextlive