छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: टाटा समूह के संस्थापक जेएन टाटा की 182वीं जयंती पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने बिष्टुपुर पोस्टल पार्क से शहरवासियों को संबोधित किया। लगभग चार मिनट के अपने संबोधन में टाटा संस के चेयरमैन ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि वे व्यापार बढ़ाने के साथ पूर्व की तरह सामाजिक काम करते रहेंगे। अपने संबोधन की शुरुआत में चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी का उल्लेख किया। कहां की पिछले 12 महीने काफी कठिन समय गुजरा। स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण रहीं। कई लोगों ने अपनों को खोया। इसके बावजूद टाटा स्टील, जमशेदपुर की जनता और कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने मिलकर और एकजुट होकर इस कोविड महामारी को हराने के लिए अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के दौर में स्वास्थ्य व सीएसआर कर्मचारियों सहित फ्रंटलाइन वर्करों का योगदान बहुत महत्वपूर्ण रहा।

वित्तीय कमी नहीं होने दी

उन्होंने कहा कि इस महामारी के समय टाटा समूह और रतन टाटा के दूरदर्शी सोच के कारण हमने महामारी से लड़ने के लिए किसी तरह की वित्तीय कमी होने नहीं दिया। वित्तीय सहयोग के माध्यम से टाटा समूह ने कोविड के समय लोगों को खाना खिलाया, उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखा और साथ ही साथ उत्पादन को भी आगे बढ़ाया। इस काम के लिए ना सिर्फ टाटा स्टील के कर्मचारी बल्कि उनके परिवार के सभी सदस्यों ने भी हमारा भरपूर साथ दिया। इसके लिए भी वे बधाई के पात्र हैं। चेयरमैन ने उम्मीद जताई की वैश्विक महामारी कुछ माह में समाप्त हो जाएगी और सब कुछ पहले की तरह सामान्य हो जाएगा।

काफी काम हुए हैं

उन्होंने कहा कि इस बार जमशेदपुर आगमन पर रतन टाटा जी और मैंने सीएसआर के तहत यहां हुए कार्यों को देखा। शहर में पिछली बार की अपेक्षा काफी काम हुए हैं। मणिपाल मेडिकल कॉलेज से लेकर कई पार्कों का निर्माण हुआ। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काफी काम हुए हैं। इसलिए मैं सभी शहरवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूं की हम कंपनी का व्यापार बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक कार्य को आगे बढ़ाते रहेंगे। साथ ही साथ लोगों के जीवन स्तर को भी आगे बढ़ाने का काम जारी रखेंगे।

सभी सुरक्षित रहें

उन्होंने अपने संबोधन के अंतिम पंक्ति में कहा कि, मैं चाहता हूं कि हम सब अगली बार इस आयोजन पर सम्मिलित हो इसलिए कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए सभी नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और अपने परिवार के साथ स्वस्थ रहें धन्यवाद। अपने संबोधन के दौरान टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखर ने सभी शहरवासियों को संस्थापक दिवस की शुभकामनाएं भी दी। इससे पहले पोस्टल पार्क पर अवस्थित टाटा साहब की प्रतिमा पर चेयरमैन के अलावे रतन टाटा, सीएफओ कौशिक चैटर्जी, एमडी टीवी नरेंद्रन, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, जुस्को के एमडी तरुण डागा सहित झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी श्रद्धांजलि दी।

Posted By: Inextlive