JAMSHEDPUR :झारखंड का पहला जनजातीय विश्वविद्यालय बहरागोड़ा में खुलेगा। पहले इसके लिए कोल्हान विश्वविद्यालय ने घाटशिला कॉलेज का चयन किया था, लेकिन बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाड़ंगी द्वारा कुलाधिपति सह राज्यपाल को भेजे गए तार्किक पत्र के बाद अब स्थान में परिवर्तन होने के संकेत मिल रहे हैं। अब इस जनजातीय विश्वविद्यालय को बहरागोड़ा में खोलने पर विचार किया जा रहा है। कुलाधिपति ने इस दिशा में विधायक कुणाल षाड़ंगी को सकारात्मक संदेश दिये हैं।

विधायक कुणाल ने राज्यपाल को भेजे गये पत्र में बताया था कि बहरागोड़ा में जनजातीय विश्वविद्यालय बनने से पश्चिम बंगाल के मिदनापुर व बांकुड़ा, ओडिशा के मयूरभंज व बारीपादा जिला के साथ झारखंड के जनजातीय छात्रों को फायदा होगा। यानी एक साथ तीन राज्यों के छात्र यहां पढ़ सकेंगे। इसके अलावा बहरागोड़ा कॉलेज के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन का भी उपयोग इस यूनिवर्सिटी के लिए किया जा सकता है। इस पत्र के बाद कुलाधिपति की ओर से बहरागोड़ा में जनजातीय विश्वविद्यालय के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय से पत्राचार शुरू कर दिया गया है। बहरागोड़ा कॉलेज के प्रभारी को विस्तृत रिपोर्ट बनाकर यथाशीघ्र समर्पित करने का आदेश निर्गत हुआ है।

कोट

ट्राइबल यूनिवर्सिटी के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बहरागोड़ा ही है। इसके पीछे कई तर्क हैं। यह तीन राज्यों का संगम है। यहां यूनिवर्सिटी बनने से तीन राज्यों के छात्रों को फायदा होगा।

-कुणाल षाड़ंगी, विधायक, बहरागोड़ा।

Posted By: Inextlive