जमशेदपुर : लौहनगरी में कोरोना का कहर जारी है। शुक्रवार को दो और मरीजों की मौत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में हो गई। साकची निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति को सांस लेने व बुखार होने पर 17 जुलाई को भर्ती कराया गया था। 18 जुलाई को उनका कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनको वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा था। सुबह तीन बजे उनका निधन हो गया। वहीं, दूसरा मृतक सीतारामडेरा निवासी था। उनकी उम्र 70 साल की थी। 11 जुलाई को सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें भर्ती कराया गया था। 12 जुलाई को पहली बार उनका कोरोना जांच कराई गई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके दो दिन के बाद फिर से उनका कोरोना जांच कराया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकला। गुरुवार की रात से सांस लेने में ज्यादा परेशानी बढ़ गई। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके कुछ ही घंटे के बाद सुबह लगभग छह बजे उनकी मौत हो गई। बुधवार को भी कोल्हान में कोरोना से चार लोगों की मौत हुई थी। बीते पांच दिन में कोरोना से कुल 17 लोगों की जान गई है। टीएमएच व एमजीएम अस्पताल में मौत की संख्या बढ़कर 26 पहुंच गई है।

चार संक्रमितों का हुआ अंतिम संस्कार

भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर शुक्रवार शाम को चार कोरोना संक्रमितों का अंतिम संस्कार हुआ। इसमें सोनारी, काशीडीह, उलीडीह मानगो व सिदगोड़ा के व्यक्ति का शव शामिल था। इनकी उम्र 55 से 82 वर्ष के बीच थी।

आज खुलेगा टीबी विभाग

जिला टीबी विभाग में एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसे 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया था। वहीं, ट्रूनेट मशीन को भी बंद कर दिया गया था। शनिवार से अस्पताल के साथ-साथ ट्रूनेट मशीन से जांच भी शुरू हो जाएगी। ट्रूनेट मशीन से 24 घंटे के अंदर लगभग सौ संदिग्ध मरीजों की जांच होती है। वहीं, परसुडीह स्थित सदर अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग भी शनिवार से शुरू हो जाएगा। यहां के कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद उसे सील कर दिया गया था।

Posted By: Inextlive