JAMSHEDPUR: टेल्को थाना की पुलिस ने देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ वांटेड राजेंद्र पासवान को पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की बाइक बरामद की गई है। उससे पूछताछ की गई। इसक बाद उसकी निशानदेही पर आदित्यपुर के आरआइटी थाना क्षेत्र मिरूडीह निवासी राज मुर्मू की दुकान से अंग्रेजी शराब बरामद की गई जो टेल्को के जेम्को इलाके से एक फरवरी को चोरी की गई थी। चोरी राजेंद्र पासवान ने अपने गुर्गो की मदद से करवाया था। बरामद शराब और बीयर अलग -अलग ब्रांड की है मामले में राज मुर्मू को गिरफ्तार किया गया।

गतिविधि आपराधिक रही है

इसकी जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने शनिवार को पत्रकारों को बताया राजेन्द्र पासवान की गतिविधि आपराधिक रही है। उसके खिलाफ बागबेड़ा, परसुडीह, गोविन्दपुर, जुगसलाई में आपराधिक प्राथमिकी दर्ज है। चोरी, छिनतई, आ‌र्म्स एक्ट और लूटपाट का आरोपित रहा है। राजेन्द्र पासवान सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया का निवासी है। जमशेदपुर में कई मामलों में वह जेल जा चुका है। एएसपी ने बताया पुलिस को राजेंद्र पासवान के एक गुर्गे की तलाश जारी है जो पुलिस की छापेमारी में भागने में सफल रहा है। राजेंद्र और राजू मुर्मू की गिरफ्तारी में टेल्को थाना प्रभारी अजय कुमार की अहम भूमिका रही। जेम्को शराब दुकान से 23 पेटी शराब की चोरी हुई थी।

पति से विवाद के बाद पत्नी ने दी जान

बच्चों के रोने को लेकर पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया। पत्नी ने गुस्से में आकर कीटनाशक पी लिया जिससे उसकी मौत हो गई। मामला पटमदा के बोड़ाम थाना के बोटा ग्राम की है। घटना को लेकर स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बोटा ग्राम निवासी चंपई मुर्मू की दो बच्ची है। शुक्रवार को बच्ची रो रही थी जिसको लेकर चंपई मुर्मू ने पत्नी सुनीता मुर्मू को फटकार लगाई। दोनों के विवाद हो गया। सुनीता ने कीटनाशक पी लिया। बेहोश हो गई। उसे एमजीएम हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

Posted By: Inextlive