छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: लॉकडाउन के दौरान तमिलनाडु में फंसे झारखंड के विभिन्न जिलों के लगभग 1485 श्रमिक शनिवार की शाम श्रमिक स्पेशल ट्रेन से टाटानगर स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के आने से पहले ही स्टेशन परिसर में रेलवे डिफेंस एवं पुलिस जवानों ने हम होंगे कामयाबगीत गाकर लोगों में जोश भर दिया।

ट्रेन आने के बाद सभी प्रवासी मजदूरों को ट्रेन से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उतारा गया। इसके बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बने काउंटर में उनकी थर्मल स्कैनिंग की गई। ईस्ट सिंहभूम के डीसी रविशंकर शुक्ला एवं एसएसपी एम तमिल वाणन श्रमिक स्पेशल ट्रेन के आगमन के पूर्व ही स्टेशन परिसर पहुंच गये थे। स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं के निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। श्रमिकों में पलामू, गढ़वा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, चतरा, देवघर, धनबाद, गुमला, दुमका, साहेबगंज, सरायकेला, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह आदि जिलों के शामिल थे।

स्वाब का सैंपल लिया जाएगा

ट्रेन से आए पूर्वी सिंहभूम जिले के श्रमिकों को लोयोला स्कूल ले जाकर सभी के स्वाब का सैंपल लिया जाएगा। इसके संस्थागत क्वारंटाइन में रखते हुए चिकित्सीय जांच कर होम क्वारंटीन में भेजा जाएगा। यहां आनेवाले सभी मजदूरों एवं यहां के लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन द्वारा सभी एहतियाती कदम उठाये गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थान तक भेजने के लिए प्रयोग किए जाने वाले बसों को पूर्णत: सैनिटाइज कर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया।

किया गया था सैनिटाइज

श्रमिकों के आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर को पूर्ण रूप से सैनिटाइजड किया गया था एवं सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए वैरिकेडिंग कर जगह-जगह पर गोल घेरा का निर्माण कराया गया था। स्टेशन परिसर में व्हील चेयर एवं एबुलेंस की व्यवस्था थी। इसके अलावा विधि-व्यवस्था के संधारण के लिए स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति थी।

बनाया गया हेल्प डेस्क

श्रमिकों को अपने गृह जिला के बस तक पहुंचने में कठिनाई ना हो इस उद्देश्य से स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क बनाया गया था। रेलवे के सिविल डिफेंस वॉलंटियर के सहयोग से श्रमिकों को व्यवस्थित तरीके से उन्हें सम्बंधित जिला के बस तक पहुंचाया गया। बस में भी सभी श्रमिकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराया गया।

इनकी रही मौजूदगी

मौके पर एआरएम, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, जिला परिवहन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी जमशेदपुर सदर, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी जुगसलाई नगर परिषद, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था तथा दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं रेलवे के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive