-दो माह पहले मां, 6 माह पहले पिता का निधन, पत्‍‌नी से अलग रहता था युवक

-बिरसानगर के विजया गार्डेन की घटना, पत्‍‌नी से पूछताछ करेगी पुलिस

जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजया गार्डेन केदारनाथ अपार्टमेंट की 10वीं मंजिल से कूदकर शनिवार को एक युवक ने जान दे दी, जिसकी पहचान टेल्को निवासी अभिजीत मजूमदार के रूप में की गई है। इधर, घटना की जानकारी पर उसके स्वजन घटनास्थल पहुंचे। पुलिस की मानें तो मामला खुदकुशी का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बिरसानगर थाना की पुलिस खुदकुशी का कारण पारिवारिक विवाद मान रही है। युवक ने कर्ज भी ले रखा था। इस कारण उसे नोटिस भी मिला था। बिरसानगर थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया अभी मृतक की पत्नी से पूछताछ नहीं हो पाई है। परिवार वाले भी नहीं आए हैं।

पत्‍‌नी टाटा मोटर्स में करती है काम

जहां युवक ने खुदकुशी की, उसी अपार्टमेंट में उसका भाई अभिषेक मजूमदार भी रहता है। मृतक की मां का दो माह पहले निधन हो गया था। छह माह पहले पिता की मौत हो गई थी। अभिजीत अपनी पत्नी से तीन माह से अलग रह रहा था। उसकी पत्नी नीलाक्षी मजूमदार टाटा मोटर्स में काम करती है। वह टेल्को कॉलोनी में टाटा मोटर्स के क्वार्टर में रहती है। उसे 12 साल की एक बेटी भी है। अभिजीत मजूमदार भी टेल्को में ही रहता था।

क्या है मामला

दरअसल, सुबह लोगों ने विजया गार्डेन के नीचे एक युवक को मृत पड़ा देखा था। यह देख वहां सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान के लिए विजया गार्डन के लोग पूछताछ करने लगे। बिरसानगर थाना की पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। विजया गार्डेन में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो शनिवार सुबह 5:09 बजे अभिजीत मजूमदार को लिफ्ट से नौवीं मंजिल पर जाते देखा गया। वहां से छत की ओर गया। वहां कुछ समय रुकने के बाद 5.36 बजे उसने छत से नीचे छलांग लगा दी। मृतक के भाई अभिषेक मजूमदार ने पुलिस को बताया जिस अपार्टमेंट से कूद भाई ने खुदकुशी की है। उसी अपार्टमेंट में वह भी रहता है।

इधर मानगो सहारा सिटी के 5वें फ्लोर से गिरा स्टूडेंट, मौत

जमशेदपुर : मानगो सहारा सिटी के पुराना बीटा बि¨ल्डग के पांचवें तल्ले से गिरने के कारण 17 वर्षीय छात्र अमित घोष की मौत हो गई। साकची टैगोर स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की थी। पढ़ने में काफी तेज था। घटना की जानकारी पर भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे। स्वजनों से मिलकर मामले की जानकारी ली। इधर, छात्र की मौत से सहारा सिटी में मातम पसर गया। घटना के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना को लेकर स्वजन कुछ बता नहीं पा रहे है। छात्र के गिरने के बाद उसे टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पिता मोहित घोष शहर से बाहर पश्चिम सिंहभूम जिले के सुइसा गए हुए थे। जानकारी पर देर शाम को शहर लौटे। मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया मामले की जांच की जा रही है। घटना किस परिस्थिति में हुई। वह खुद गिरा। खुदकुशी की या किसी ने धक्का मारकर गिरा दिया, इसका पता लगाया जा रहा है।

क्या कहते हैं पिता

छात्र के पिता मोहित घोष ने बताया उनके रिश्तेदार की मौत हो गई थी। वहीं गए थे। पत्नी से घटना की सूचना मिली। बेटा दोपहर में भोजन किया। शाम में छत पर वह गया। बेटी बर्तन धो रही थी। कुछ आवाज उसने सुनी। इसके स्वजन छत की ओर गए तो बेटा को गिरा देखा। अस्पताल ले जाया गया। इधर, बताया जा रहा कुछ युवकों का अमित घोष से विवाद हुआ था। इसके बाद ही घटना हुई। अमित घोष एक भाई-बहन है।

Posted By: Inextlive