- राज्य भर के 24 जिलों में मिले कोरोना के 978 नए मामले

- 16 जिलों के 584 हुए स्वस्थ, पांच जिलों से 7 की मौत

- गोड्डा में एक दिन में मिले सर्वाधिक 339 मरीज

सक्रिय मरीज : 9086

अब तक स्वस्थ : 5826

अबतक मौत : 136

कोरोना के कुल मामले : 15048

RANCHI: सिटी में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार को मुख्यमंत्री आवास के 22 और स्टाफ संक्रमित पाए गए। तीन दिनों पूर्व भी 19 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए थे, इसके बाद सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्‍‌नी ने भी अपनी जांच कराई थी। हालांकि जांच में वे स्वस्थ पाए गए थे। बुधवार को रांची में 141 नए मरीजों की पहचान हुई। वहीं राज्य भर के सभी 24 जिलों से 978 नए मामले सामने आए। हालांकि बड़ी संख्या में मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। राज्य में कोरोना को मात देनेवाले मरीजों की संख्या बढ़कर अब 5826 हो गई है। रांची से 128 लोगों ने बुधवार को कोरोना को मात दी। इसके अलावा राज्य भर से 584 लोगों के स्वस्थ होने की पुष्टि हुई है।

रांची में तीन की मौत

कोरोना से राज्य भर में बुधवार को 7 लोगों की मौत हुई। इसमें तीन रांची के, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम से एक-एक लोग शामिल हैं। रिम्स के कोविड वार्ड में इलाजरत दो और लोगों ने बुधवार को दम तोड़ दिया। इनमें एक बिहार के नवादा जिले का जबकि दूसरा गिरिडीह का रहने वाला था। रिम्स के चिकित्सकों के ने बताया कि नवादा के 55 वर्षीय मरीज की मौत अचानक हृदय गति रुकने से हुई। विगत 27 जून को वह अपना इलाज कराने रिम्स पहुंचा था। डॉ जेके मित्रा की यूनिट में उसे भर्ती किया गया था। बुधवार की सुबह 7:50 बजे अचानक कार्डियक अरेस्ट से उसकी मौत हो गई। शव को मोर्चरी में रखा गया है और गुरुवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं गिरिडीह के रहने वाले मरीज को 31 जुलाई को न्यूरो की समस्या के कारण न्यूरो सर्जरी विभाग में डॉ अनिल कुमार के यूनिट में भर्ती किया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसका इलाज कोविड वार्ड में चल रहा था। इसकी मौत मंगलवार देर रात सेप्टिक शॉक से हो गई।

कोरोना संक्रमित ने दिया बच्चे को जन्म

रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद नवजात की स्थिति गंभीर बनी हुई थी और उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। नवजात के कोविड टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आयी। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इसका इलाज शुरू किया और विपरीत हालात में मां और बच्चे की जान बचा ली। अब जच्चा-बच्चा दोनों की स्थिति बेहतर है। डॉक्टरों ने बताया कि महिला ने शादी के 10 साल के बाद बच्चे को जन्म दिया।

गोड्डा में मिले 339 मरीज

बुधवार को गोड्डा में एक ही दिन में रिकार्ड 339 नए मामले सामने आए। बताया जाता है कि हाल के दिनों में कोरोना जांच के लिए चलाए गए विशेष अभियान से नए मामलों में तेजी आई है। नए मरीजों की पहचान तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 9086 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 15048 हो गए हैं। हालांकि इनमें अबतक 5826 स्वस्थ हो चुके हैं।

Posted By: Inextlive