- 14 से 17 दिनों में ही मिल रहे एक हजार नए मरीज

- 17 जिलों से मिले 156 नए कोरोना इन्फेक्टेड केस

कुल एक्टिव केसेज : 1,271

अब तक स्वस्थ : 2224

कोरोना के कुल मामले : 3518

अबतक मौत : 23

अबतक हुई जांच : 172032

रांची: कोरोना के नए मरीजों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को रांची समेत राज्य के 17 जिलों से कुल 156 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। अकेले रांची में 25 इन्फेक्टेड केस पाए गए। इनमें 1 रिम्स, 1 अरगोड़ा, 3 चुटिया, 4 मेदांता, 5 आइडीएसपी और 8 मेडिका से हैं। शुक्रवार को सिटी के जिन लोगों में संक्रमण की पहचान हुई, उनमें तीन की जांच प्राइवेट लैब में हुई थी।

बारह सौ से ज्यादा एक्टिव

अब राज्य में 1271 एक्टिव केसेज बचे हैं। अब तक 2224 लोगों ने कोरोना को मात अभी दी है। शुक्रवार को भी चार जिलों से 14 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई, जिसके बाद उन्हें संबंधित अस्पतालों से छुट्टी दी गई। हालांकि, अब राज्य में 14 से 17 दिनों में ही एक हजार मरीज मिलने लगे हैं, जबकि पहले 1000 के आंकड़े तक पहुंचने में झारखंड को 47 दिन लगे थे। इसके बाद दूसरे एक हजार मरीज 14 दिनों में मिले। वहीं अब तीसरे एक हजार मरीज 17 दिनों में मिले।

लगातार इन्फेक्टेड हो रहे जवान

इधर, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों में भी संक्रमण मिलने का क्रम जारी है। हजारीबाग में कोबरा बटालियन के तीन जवान संक्रमित हो गए हैं। ये तीनों महाराष्ट्र के रहनेवाले थे। वहीं लोहरदगा में भी झारखंड पुलिस के दो जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। लोहरदगा में एक मेडिकल स्टाफ का भाई और बेटी संक्रमित पाए गए हैं। लातेहार में गुरुवार को 10 सीआरपीएफ के जवान और एक अधिकारी के संक्रमित पाए जाने के बाद शुक्रवार को भी दो जवान पॉजिटिव मिले।

Posted By: Inextlive