- राज्य भर में 872 नए मरीजों की पहचान, 814 हुए डिस्चार्ज

- पांच जिलों के 13 मरीज हार गए कोरोना से जंग, रांची में दो की मौत

रांची: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रांची समेत राज्य भर के मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। अकेले शनिवार को राज्य के 22 जिलों से 814 लोगों ने कोरोना को मात देकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हासिल किया। रांची में जहां 369 लोग स्वस्थ हुए वहीं, 188 नए मरीजों की भी पहचान हुई। नए मरीजों के मामले में रांची अब भी टॉप पर है। जमशेदपुर में शनिवार को 150 नए मामले सामने आए, जबकि इस जिले से 20 लोग स्वस्थ भी हुए। इस बीच पांच जिलों के 13 मरीजों ने विभिन्न अस्पतालों में दम तोड़ दिया। इसमें रांची के भी दो लोग शामिल हैं.शनिवार को रात दस बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के सभी 24 जिलों से 872 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 188, बोकारो से 73, चतरा से 5, देवघर से 12, धनबाद से 30, दुमका से 17, पूर्वी सिंहभूम से 150, गढ़वा से 22, गिरिडीह से 21, गोड्डा से 11, गुमला से 11, हजारीबाग से 23, जामताड़ा से 26, खूंटी से 11, कोडरमा से 15, लातेहार से 23, लोहरदगा से 8, पाकुड़ से 10, पलामू से 54, रामगढ़ से 33, सहिबगंज से 5, सराईकेला से 32, सिमडेगा से 11, पश्चिमी सिंहभूम से 81 मरीज शामिल हैं। इस तरह अब तक राज्य में 29103 पॉजिटिव केस की पहचान हो चुकी है। हालांकि, 19186 मरीजों के ठीक होने के बाद अब एक्टिव केसेज की संख्या 9607 रह गई है। वहीं 310 लोगों की मौत भी हुई है।

जमशेदपुर में सात की मौत

शनिवार को जमशेदपुर के टीएमएच में इलाजरत सात लोगों की मौत हुई, जिनमें दो महिला व पांच पुरुष शामिल हैं। इनमें दो सरायकेला-खरसावां के मरीज थे। इसी तरह रांची तथा हजारीबाग में दो-दो तथा कोडरमा में एक मरीज की मौत हुई है। रांची में एक पुलिसकर्मी की मौत रांची के एक निजी अस्पताल में हो गई।

राजभवन के सभी कर्मियों की होगी जांच

राज्यपाल ने राजभवन में पदस्थापित सभी कर्मियों की कोरोना जांच कराने के निर्देश रांची जिला प्रशासन को दिए हैं। इस आलोक में शनिवार को रांची सदर अस्पताल द्वारा राजभवन में पदस्थापित जैप के जवानों के सैंपल लिए गए। रविवार को विशेष शाखा के जवानों तथा अन्य कर्मियों की जांच होगी। राजभवन के सुरक्षा कर्मी या अन्य कर्मियों के संक्त्रमित मिलने पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी स्वयं जांच करा सकती है।

Posted By: Inextlive