रांची: झारखंड में कोरोना के नए मरीजों के मिलने की रफ्तार धीमी हुई है। वहीं रिकवर होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को रांची समेत राज्य भर में 873 मरीजों ने कोरोना को मात दी। वहीं 583 नए केस भी मिले। हालांकि। सबसे ज्यादा केस रांची में मिले। यहां टेस्ट के दौरान 219 सैंपल्स पॉजिटिव पाए गए। अन्य जिलों में काफी कम संख्या में नए मरीज मिले हैं। राज्य भर में अब सात हजार से भी कम एक्टिव केसेज बचे हैं।

12 जिलों में सौ से भी कम मरीज

गुरुवार को राज्य के 12 जिलों, चतरा, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, लातेहार, पाकुड़, पलामू, साहिबगंज व सरायकेला में कुल 62 नए केस सामने आए। इन सभी जिलों में दस से कम कोरोना पॉजिटिव मरीज की पहचान हुई।

रिकवरी के मामले बढ़े

मरीजों के स्वस्थ होने के मामले में भी गुरुवार रांची अव्वल रही। यहां के 353 मरीजों ने कोरोना को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। वहीं जमशेदपुर से 135 मरीज स्वस्थ हुए। अन्य जिलों में 385 मरीजों के स्वस्थ होने की पुष्टि हुई है। इस बीच रांची तथा बोकारो में 4-4 मरीजों की मौत की खबर है। इस तरह अब राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 820 हो गई है।

कहां से मिले कितने मरीज

स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 583 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें रांची से 219, बोकारो से 74, चतरा से 1, देवघर से 16, धनबाद से 43, दुमका से 8, पूर्वी सिंहभूम से 56, गढ़वा से 4, गिरिडीह से 8, गोड्डा से 5, गुमला से 4, हजारीबाग से 19, जामताड़ा से 3, खूंटी से 13, कोडरमा से 13, लातेहार से 6, लोहरदगा से 13, पाकुड़ से 2, पलामू से 5, रामगढ़ से 11, साहेबगंज से 7, सराईकेला से 9, सिमडेगा से 14, पश्चिमी सिंहभूम से 30 मरीज मिले। अब तक कोरोना के कुल 94952 मामले सामने आये हैं। इसमें 87240 स्वस्थ हो चुके हैं। इस तरह अब 6892 एक्टिव केसेज बचे हैं।

Posted By: Inextlive