Coronavirus in Ranchi: रांची में कोरोनावायरस संक्रमितों के लिए बेड की कमी नहीं होगी। खेलगांव परिसर में बने आइसोलेशन वार्ड में पर्याप्‍त बेड की व्‍यवस्‍था की जा रही है।

Coronavirus in Ranchi: रांची में पिछले एक हफ्ते से जारी कोरोना के कहर में बुधवार को कमी आई। सिटी में 27 मरीजों की पहचान हुई, जिन्हें अलग-अलग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही राज्य भर के 19 जिलों में 226 नए कोविड पेशेंट्स मिले। बुधवार को 5 लोगों की मौत भी हुई। अकेले रांची में 3 की मौत हुई। एक की हजारीबाग और एक की देवघर में भी मौत हुई। बुधवार को सबसे ज्यादा 40 मरीज जमशेदपुर में मिले। अब तक राज्य भर में 9894 पॉजिटिव केस पाए जा चुके हैं। दूसरी ओर, 4061 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। बुधवार को 77 मरीज स्वस्थ हुए। इसमें रांची में 9 लोगों के स्वस्थ हो ने की सूचना है।

नहीं होगी बेड की कमी

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बुधवार को खेलगांव में बने आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने खेलगांव आइसोलेशन वार्ड में पुरुष और महिला वार्ड का दौरा किया। वार्ड में पानी की उपलब्धता, शौचालय, साफ सफाई समेत सुरक्षा की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने खाने पीने, नाश्ते समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को देखा। सिविल सर्जन डॉ वीबी प्रसाद से कहा कि किसी भी संक्रमित को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बन्ना गुप्ता ने कहा एक वार्ड में 40 बेड लगाए गए हैं, वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 16 वार्ड तैयार किये जा रहे हैं। जिसमें महिलाओं के लिए अलग और पुरुषों के लिए अलग वार्ड बने हैं। सरकार ज्यादा से ज्यादा बेड और सुविधा बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।

डीसी ने किया पारस का दौरा

रांची डीसी छवि रंजन ने बुधवार को एचईसी पारस हॉस्पिटल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीपीई किट, मास्क, फेस शील्ड व अन्य उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एचईसी पारस कोविड अस्पताल में कार्यरत कोई भी कर्मी चाहे वह वार्ड में ड्यूटी कर रहा हो या प्रबंधन में कार्यरत हो, उसकी और कहीं भी ड्यूटी नहीं लगनी चाहिए। डीसी ने पारस एचईसी अस्पताल में तैनात किए गए बीपीएम को अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया।

Posted By: Inextlive