- राज्य भर में 1027 संक्रमितों की हुई पहचान, दस की मौत

- 1383 के स्वस्थ होने के बाद रिकवरी रेट पहुंचा 66 फीसदी

RANCHI:कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार को रांची में 253 नए मरीजों की पहचान हुई। अच्छी बात यह रही कि रांची के 512 लोगों ने इस वायरस को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। वहीं राज्य भर के सभी 24 जिलों से 1027 नए मरीज मिले। हालांकि, 1383 मरीजों के रिकवर होने के बाद राज्य में कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट 66.30 फीसदी पहुंच गया है, जो राष्ट्रीय औसत (75.27) से अब भी कम ही है।

यहां मिले इतने मरीज

देर रात स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 1027 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 253, बोकारो से 49, चतरा से 31, देवघर से 23, धनबाद से 53, दुमका से 13, पूर्वी सिंहभूम से 228, गढ़वा से 2, गिरिडीह से 50, गोड्डा से 12, गुमला से 9, हजारीबाग से 14, जामताड़ा से 19, खूंटी से 25, कोडरमा से 37, लातेहार से 10, लोहरदगा से 16, पाकुड़ से 17, पलामू से 15, रामगढ़ से 63, सहिबगंज से 19, सरायकेला से 41, सिमडेगा से 4, पश्चिमी सिंहभूम से 24 मरीज शामिल हैं।

दस की हुई मौत

राज्य में बुधवार को कोरोना से दस लोगों की मौत हुई। इसमें सर्वाधिक मौतें जमशेदपुर में हुईं। इस जिले से 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। इसके अलावा बोकारो, चतरा और कोडरमा में एक-एक मरीजों की मौत की पुष्टि हुई। झारखंड में अब तक कोरोना के 44862 मामले सामने आए हैं। इनमें से 29747 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 438 की मौत हो चुकी है। इस तरह अब राज्य में 14677 एक्टिव केस बचे हैं। अकेले रांची में 3777 एक्टिव केसेज बचे हैं। दूसरे नंबर पर जमशेदपुर जिला है, जहां अब भी 2500 के आसपास एक्टिव केसेज हैं।

जमशेदपुर में सबसे ज्यादा मौत

जमशेदपुर में अब तक सबसे ज्यादा लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इस जिले में 199 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां बुधवार को कोरोना से सात मरीजों की मौत इलाज के क्रम में हो गई। इसमें तीन पूर्वी सिंहभूम जिले के व दो सरायकेला-खरसावां जिले के निवासी थे। इन सभी का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा था।

Posted By: Inextlive